गलत तथ्य बताकर मतदाता बने तो जाएंगे जेल, एक साल का कारावास व जुर्माना भी लगाया जा सकता है
प्रयागराज प्रशासन ने मतदाता सूची में गलत जानकारी देने वालों को जेल भेजने की चेतावनी दी है, जिसमें एक साल का कारावास और जुर्माना शामिल है।

वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए प्रयागराज में सख्त कदम उठाए गए हैं।
HighLights
विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में नाम जोड़ने का चल रहा है अभियान
चुनाव पूर्व दुरुस्त मतदाता सूची तैयार करने को प्रयागराज प्रशासन सजग
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधानसभा चुनाव के पहले पूरी तरह से दुरुस्त मतदाता सूची तैयार हो सके, इसके लिए प्रशासक लगातार प्रयास कर रहा है। कोई फर्जी तथ्य के आधार पर मतदाता सूची में नाम न शामिल करा ले, इसलिए पहले से भी सभी को अलर्ट किया गया है। यही नहीं ऐसा करने वालों को जेल भेजने की चेतावनी दी गई है।
विशेष अभियान भी चलाया जाएगा
विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। एक तरफ भगवतपुर स्थित ईवीएम वेयर हाउस में ईवीएम की प्रारंभिक जांच चल रही है। तो दूसरी तरफ मतदाता सूची में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं। इसके लिए नियमित फार्म जमा रहे हैं। इसके अलावा 14 और 17 अक्टूबर को विशेष अभियान भी चलाया जाना है।
हर बूथ पर लगेंगे विशेष शिविर
अपर जिलाधिकारी प्रशासन उपमा पांडेय ने बताया कि इन दोनों दिनों में हर बूथ पर विशेष शिविर लगेंगे। ऐसे मतदाता जिनका नाम अभी मतदाता सूची में नहीं हैं, वह इन शिविरों में जाकर फार्म नंबर सात भर दें। इन शिविरों में विशेष हेल्प डेस्क बनेगी, जो फार्म भरने में मतदाताओं की मदद करेगी। ग्राम प्रधान, सभासद, पार्षद सहित सभी जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा गया है, ताकि कोई मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रहे।
फार्म-7 में गलत जानकारी दी तो सजा होगी
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि फार्म-सात में गलत जानकारी भरने वालों पर कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों को एक साल तक का कारावास भी हो सकता है। जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
