Kaushambi News: रवि पुजारी गिरोह का सदस्य संजू मुंबई में गिरफ्तार, 50 हजार रुपए का इनाम था घोषित
एसटीएफ प्रयागराज यूनिट ने 2022 में कौशांबी में एक व्यापारी से हुई 30 लाख की लूट के मामले में संजू डोकरे नामक बदमाश को मुंबई से गिरफ्तार किया है। संजू रवि पुजारी गिरोह का सदस्य है और उस पर 50 हजार का इनाम था। पूछताछ में उसने लूट और रंगदारी के कई मामले कबूल किए हैं।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कौशांबी जनपद में वर्ष 2022 में गुजरात के व्यापारी से 30 लाख रुपये लूटने वाले बदमाश संजू डोकरे को एसटीएफ प्रयागराज यूनिट ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। वह मुंबई के रवि पुजारी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। साथ ही वहां का हिस्ट्रीशीटर है। कौशांबी में हुई लूट के मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वर्ष 2022 में गुजरात के पाटन सांतलपुर थानांतर्गत पर गांव निवासी कारोबारी अजीत सिंह अपनी कार से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। मंझनपुर-कोखराज सीमा में संजू डोकरे निवासी बड़ारीपारा बाउंड्री चौकी के पास थाना डिडौसी मलाड ईस्ट मुंबई (महाराष्ट्र) ने अपने साथियों के साथ उनकी कार को रोका था। 30 लाख रुपये उनसे लूट लिया था। अजीत सिंह ने कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पहले पुलिस ने बदमाशाें की तलाश की और फिर मामला एसटीएफ को सौंप दिया गया। छानबीन में संजू डोकरे के साथ ही रोशन यादव, कीर्ति सिंह सोलंकी, बिपुल पटेल व अन्य के नाम प्रकाश में आए। एक-एक कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि संजू हाथ नहीं लगा था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने एसटीएफ प्रयागराज के निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम को लगाया। गुरुवार को संजू डोकरे को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ की पूछताछ में उसने बताया कि उसके खिलाफ लूट, डकैती, मारपीट एवं रंगदारी मांगने आदि से संबंधित 12 मुकदमे महाराष्ट्र के कई थानों में दर्ज है। जबकि एक मामला उप्र के कौशांबी जनपद के कोखराज थाने में दर्ज है। कारोबारी अजीत सिंह से रुपये लूटने के बाद वह अपने साथी रोशन यादव के साथ बंगलोर व पूणे भाग गया था। रोशन यादव व अन्य साथियों की गिरफ्तारी के बाद से वह मलाड वेस्ट मुंबई में छिपकर रह रहा था। एसटीएफ के सीओ शैलेश प्रताप सिंह के मुताबिक संजू डोकरे मुंबई के रवि पुजारी गैंग का सक्रिय सदस्य है। वह थाना डिसौरी महाराष्ट्र का हिस्ट्रीशीटर है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।