विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आचार्य महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती ब्रह्मलीन, महानिर्वाणी अखाड़ा में 16 और जूना में तीन दिनों का शोक

By Amardeep Bhatt Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 28 Nov 2026 05:18 PM (IST)

श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती ब्रह्मलीन हो गए। विभिन्न अखाड़ों में शोक की लहर है, महानिर्वाणी अखाड़ा में 16 दिन का शोक घोषित किया गया है।

श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती की फाइल फोटो।

श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती की फाइल फोटो। 

HighLights

  1. 2014 में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के बने थे आचार्य महामंडलेश्वर

  2. राजस्थान के बीकानेर स्थित राजगुरु मठ में रविवार को दी जाएगी समाधि

  3. अखाड़ों के संतों ने स्वामी विशोकानंद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती ब्रह्मलीन (निधन) हो गए हैं। इससे अखाड़ों में शोक व्याप्त है। महानिर्वाणी, जूना, अटल, बड़ा उदासीन, नया उदासीन, निर्मल अखाड़ा के संतों ने स्वामी विशोकानंद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

गोविंद मठ काशी की आचार्य परंपरा के छठें संत थे

महानिर्वाणी अखाड़ा के सचिव श्रीमहांत यमुना पुरी ने बताया कि स्वामी विशोकानंद को 24 मार्च 2014 में काशी में आचार्य महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी। अखाड़े के पंचों ने विधि विधान से उनका पट्टाभिषेक किया था। वह गोविंद मठ काशी की आचार्य परंपरा के छठें संत थे।

सनातन धर्म का व्यापक प्रचार प्रसार किया

आचार्य महामंडलेश्वर रहते हुए उन्होंने अखाड़े का वैभव बढ़ाने तथा सनातन धर्म का व्यापक प्रचार प्रसार किया, उनकी विद्वता और सादगी अद्वितीय थी। बीते कुछ दिनों से नई दिल्ली में स्वामी विशोकानंद यज्ञ करा रहे थे। वहीं हार्ट अटैक पड़ने से ब्रह्मलीन हो गए। इस सूचना के बाद महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिनों के लिए शोक घोषित किया गया है।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व अन्य ने शोक व्यक्त किया

स्वामी विशोकानंद को राजस्थान के बीकानेर स्थित राजगुरु मठ में रविवार को समाधि दी जाएगी। इस दौरान अखाड़े के पंच परमेश्वर उपस्थित रहेंगे। अखाड़े के सचिव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहांत रवींद्र पुरी, श्रीमहांत मनोज गिरि, श्रीमहांत मृत्युंजय भारती, श्रीमहांत बंसी पुरी, श्रीमहांत विनोद गिरि सहित समस्त महामंडलेश्वर ने शोक व्यक्त किया।

अखाड़ा में तीन दिन का शोक घोषित

जूना अखाड़ा के मुख्य संरक्षक व अखाड़ा परिषद के महामंत्री महांत हरि गिरि की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। अखाड़ा में तीन दिन का शोक घोषित किया गया है। श्रीमहांत हरि गिरि ने कहा कि स्वामी विशोकानंद का धर्महित में त्याग और समर्पण अद्वितीय है। विपरीत परिस्थिति में उन्होंने मतांतरण रोकने, वैदिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अतुलनीय योगदान दिया था। श्रीमहांत प्रेम गिरि, श्रीमहांत नारायण गिरि ने शोक व्यक्त किया।

सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करके धर्महित में लगे रहे 

बड़ा उदासीन अखाड़ा के मुखिया महांत दुर्गा दास और नया उदासीन अखाड़ा के सचिव महांत जगतार मुनि ने कहा कि स्वामी विशोकानंद का निधन आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। निर्मल अखाड़ा के सचिव श्रीमहांत देवेंद्र सिंह शास्त्री ने कहा कि स्वामी विशोकानंद ने सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करके धर्महित में काम किया था।

यह भी पढ़ें- सिक्स लेन पुल पर क्या 12 दिनों में आवागमन शुरू हो सकेगा? उठे सवाल, 10 दिसंबर से एक लेन खोलने का है अल्टीमेटम

यह भी पढ़ें- UP BEO Recruitment : खंड शिक्षा अधिकारी भर्ती में पहली बार BEd अनिवार्य, छह साल बाद 338 पदों के लिए आएगा विज्ञापन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।