विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चमत्कार के दावे, झाड़-फूंक व खुद की पूजा कराने वाले महामंडलेश्वर व संतों पर चाबुक, अखाड़ों में गुप्त जांच शुरू

By Sharad Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 26 Nov 2026 06:15 PM (IST)

अखाड़ों ने चमत्कार और अंधविश्वास फैलाने वाले महामंडलेश्वरों पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जिसमें करौली शंकर को निष्कासित किया गया है। लगभग 50 अन्य संतों की संदिग्ध गतिविधियों की जांच चल रही है ताकि सनातन धर्म की मर्यादा बनी रहे।

झाड़-फूंक, पाखंड के खिलाफ अखाड़ों में गुप्त जांच शुरू हो गई है।

झाड़-फूंक, पाखंड के खिलाफ अखाड़ों में गुप्त जांच शुरू हो गई है।

HighLights

  1. महामंडलेश्वर करौली शंकर को निष्कासित कर चुका है नया उदासीन अखाड़ा

  2. विभिन्न अखाड़ों के लगभग 50 महामंडलेश्वरों और संतों की गतिविधियां संदिग्ध

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। चमत्कार के दावे, झाड़-फूंक और खुद की पूजा कराने वाले महामंडलेश्वर व संतों पर अखाड़ों का चाबुक चलना शुरू हो गया है। सनातन धर्म की मर्यादा बनाए रखने और अंधविश्वास पर लगाम लगाने की मंशा से श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर के महामंडलेश्वर करौली शंकर को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

इनके ऊपर झाड़-फूंक करने, स्वयं को देवता के रूप में पूजा कराने का आरोप लगा था। यही नहीं, प्रमुख अखाड़ों की आंतरिक जांच में लगभग 50 महामंडलेश्वर व संतों की सूची तैयार हुई है जो परंपरा से हटकर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। हरिद्वार कुंभ से पहले सबके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार करने, मतांतरण रोकने में 13 अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अखाड़ाें के संत, महामंडलेश्वर मुहिम जमीनी स्तर पर चलाते हैं। वह मंशा के अनुरूप काम कर रहे हैं अथवा नहीं? उसको लेकर अखाड़े दो-तीन वर्ष में सबकी गुप्त जांच करवाते हैं। इधर, श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के अलावा जूना, श्री निरंजनी, आह्वान, आनंद, दिगंबर अनी, निर्मोही अनी और निर्वाणी अनी अखाड़े अपने-अपने महामंडलेश्वरों, संताें की कार्यप्रणाली की जांच करवा रहे हैं।

अक्टूबर माह से शुरू हुई गोपनीय जांच में लगभग 50 संतों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं, जिनका पूरा ब्योरा एकत्र किया जा रहा है। इसमें जूना के 20, श्री निरंजनी के 11, निर्मोही अनी के पांच, दिगंबर अनी के तीन, निर्वाणी अनी के चार, नया उदासीन के चार महामंडलेश्वर शामिल हैं। निर्मोही अनी अखाड़ा के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्र दास का कहना है कि अंधविश्वास फैलाने वाली गतिविधियों में लिप्त होने वाले महामंडलेश्वर व संतों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए निगरानी कड़ी की जाएगी।

जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि कहते हैं संतों का कार्य समाज में व्याप्त पाखंड रोककर सनातन धर्म के वास्तविक स्वरूप का प्रचार-प्रसार करना है। पद की गरिमा के विपरीत व्यक्तिगत पूजा या झाड़-फूंक को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नया उदासीन अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत जगतार मुनि ने कहा, करौली शंकर को निष्कासित करने के साथ दूसरे महामंडलेश्वरों की गतिविधियों की जांच चल रही है। अनुचित कार्य करने वालों को निष्कासित करने के साथ कानूनी कार्रवाई करायी जाएगी।

13 अखाड़ों की परंपरा पवित्र है। नियम-निर्देश सख्त हैं। हर अखाड़े का ध्येय पाखंड रोककर सनातन धर्म के जनकल्याणकारी भाव से जन-जन को जोड़ना है। इसके विरुद्ध पाखंड को बढ़ाना पाप है। ऐसा करने वालों को अखाड़े से बाहर करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- श्रीमहंत रवींद्र पुरी, सचिव श्रीनिरंजनी अखाड़ा व अध्यक्ष अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद

यह भी पढ़ें- रेलवे ने कई ट्रेनों के मार्ग बदले, गोरखपुर छावनी-पनियहवा खंड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रहेगी नई व्यवस्था

यह भी पढ़ें- PDA से खरीदी जमीन आवंटियों ने बिना कब्जा पाए तीसरे पक्ष को बेची, अब मालिकाना हक के लिए भटक रहे खरीदार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।