विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RRB Technician Bharti : CBT की उत्तर कुंजी जारी, आरआरबी प्रयागराज में कुल 469 पदाें पर होगी भर्ती

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 16 Oct 2026 03:06 PM (IST)

RRB CBT Answer Key रेलवे भर्ती बोर्ड ने तकनीशियन भर्ती परीक्षा (CBT) की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। अभ्यर्थी 22 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

RRB तकनीशियन भर्ती परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी, आरआरबी प्रयागराज में कुल 469 पद हैं।

RRB तकनीशियन भर्ती परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी, आरआरबी प्रयागराज में कुल 469 पद हैं।

HighLights

  1. ग्रेड-I सिग्नल व ग्रेड-III पदों के लिए अलग जारी उत्तर कुंजी व आपत्ति समय-सारणी

  2. देशभर में कुल 14,298 पदों पर होगी भर्ती, 22 अक्टूबर तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराएं

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। RRB Technician Bharti रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (सीईएन 02/2026) के तहत तकनीशियन के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की उत्तर कुंजी और अभ्यर्थियों के प्रश्न-प्रतिक्रिया पत्रक आधिकारिक वेबसाइटों पर अपलोड कर दिए हैं। बोर्ड ने तकनीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) और तकनीशियन ग्रेड-III, दोनों अलग-अलग संवर्गों की भर्ती परीक्षाओं के लिए अलग-अलग आधिकारिक सूचनाएं जारी करते हुए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी हैं।

अलग-अलग तारीखों पर हुई थी दोनों संवर्गों की परीक्षा

रेलवे बोर्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, दोनों भर्तियों की परीक्षाएं अलग-अलग चरणों में पूरी कराई गई थीं। तकनीशियन ग्रेड-III के विभिन्न पदों के लिए सीबीटी परीक्षा का आयोजन 6 से 9 अक्टूबर 2026 के बीच किया गया था। वहीं, उच्च वेतनमान वाले तकनीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित की गई थी। दोनों ही परीक्षाओं में सम्मिलित हुए अभ्यर्थी आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी उत्तर कुंजी देख पा रहे हैं।

22 अक्टूबर तक कर दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

RRB CBT Answer Key बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न, उसके विकल्प या आधिकारिक उत्तर कुंजी पर कोई संदेह अथवा आपत्ति है, तो वह 22 अक्टूबर 2026 की रात 11:55 बजे तक अपनी ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्ति दर्ज करने के लिए प्रति प्रश्न 50 रुपये और संबंधित बैंक शुल्क ऑनलाइन (डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई अथवा नेट बैंकिंग) जमा करना अनिवार्य होगा। समीक्षा के बाद यदि आपत्ति सही पाई जाती है, तो काटा गया शुल्क अभ्यर्थी के उसी बैंक खाते में वापस कर दिया जाएगा जिससे भुगतान हुआ था। निर्धारित समय सीमा के बाद कोई भी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी और बोर्ड का निर्णय अंतिम होगा।

देशभर और आरआरबी प्रयागराज में पदों का ब्योरा

भारतीय रेलवे में तकनीशियन भर्ती के तहत कुल 14,298 रिक्त पदों (संशोधित) पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।

तकनीशियन ग्रेड-I (सिग्नल) भर्ती: देश स्तर पर इस संवर्ग में कुल 1,092 पद अधिसूचित हैं। इसमें आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत कुल 131 पद शामिल हैं, जिनमें अनारक्षित वर्ग के 61, एससी के 15, एसटी के 10, ओबीसी के 29 और ईडब्ल्यूएस के 16 पद हैं।

तकनीशियन ग्रेड-III भर्ती: देश स्तर पर इस संवर्ग में कुल 13,206 पद (शुरुआती 8,052 पदों को मांग के अनुसार बढ़ाकर) शामिल हैं। इसके अंतर्गत आरआरबी प्रयागराज परिक्षेत्र (उत्तर मध्य रेलवे व उत्तर रेलवे) में कुल 338 पद हैं, जिनमें अनारक्षित, ओबीसी, एससी, एसटी व ईडब्ल्यूएस संवर्ग के पद शामिल हैं।
उत्तर कुंजी जारी होने के बाद अब लाखों परीक्षार्थियों को अंतिम परिणाम और कटऑफ का इंतजार है। बोर्ड जल्द ही आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम उत्तर कुंजी व परिणाम जारी करेगा।

यह भी पढ़ें- गलत तथ्य बताकर मतदाता बने तो जाएंगे जेल, एक साल का कारावास व जुर्माना भी लगाया जा सकता है

यह भी पढ़ें- घाटे की खेती को बॉय-बॉय, अब किसानों को फल-फूलों से उम्मीद; UP के कई जिलों में बढ़ा रुझान