RRB NTPC Recruitment 2026 : ग्रेजुएट स्तर की सीबीटी-1 परीक्षा दिसंबर में, 3548 पदों पर होगी भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने एनटीपीसी स्नातक स्तरीय सीबीटी-1 परीक्षा 2026 का संभावित कार्यक्रम जारी किया है, जो दिसंबर के ...और पढ़ें

रेलवे एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती 2026 के सीबीटी-एक परीक्षा का संभावित कार्यक्रम जारी हो गया है।
HighLights
सीबीटी-1 का संभावित कार्यक्रम आरआरबी ने जारी किया
प्रयागराज में 265 पद हैं, परीक्षा तिथि जल्द घोषित होगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। RRB NTPC Recruitment 2026 रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (एनटीपीसी) स्नातक स्तर (2026) की प्रथम चरण कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-1) का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड की आधिकारिक अधिसूचना (CEN No. 06/2026) के अनुसार, परीक्षा दिसंबर 2026 के चौथे सप्ताह में आयोजित होना प्रस्तावित है। बोर्ड ने अग्रिम सूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि विस्तृत परीक्षा तिथियों का ऐलान जल्द ही अलग से किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थी समय रहते अपनी यात्रा और अध्ययन की कार्ययोजना बना सकें।
कुल 3548 पद, प्रयागराज में 265 पदों पर अवसर
राष्ट्रव्यापी भर्ती अभियान के तहत देश भर में कुल 3,548 रिक्त पद भरे जाएंगे। इसमें आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत कुल 265 पद शामिल हैं। प्रयागराज जोन में पदों का विवरण इस प्रकार है।
- गुड्स ट्रेन मैनेजर (मालगाड़ी प्रबंधक): सर्वाधिक 196 पद
- चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर: 42 पद
- सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट: 27 पद
चयनित अभ्यर्थियों की क्या होगी भूमिका?
अंतिम रूप से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को भारतीय रेलवे के संचालन, राजस्व और प्रशासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
मालगाड़ी प्रबंधक (गुड्स ट्रेन मैनेजर)
मालगाड़ियों के सुचारू व सुरक्षित संचालन, गार्डिंग, माल डिब्बों की सुरक्षा और माल परिवहन की प्रत्यक्ष निगरानी करेंगे।
चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर
रेलवे स्टेशनों पर टिकट चेकिंग, आरक्षण प्रणाली प्रबंधन, पार्सल व यात्री सुविधाओं की देखरेख और रेलवे राजस्व से जुड़े कार्यों का दायित्व संभालेंगे।
क्लर्क एवं सहायक संवर्ग
मंडलों तथा क्षेत्रीय मुख्यालयों में प्रशासनिक दस्तावेज, बिलिंग, लेखा-जोखा (अकाउंट्स), पत्राचार और कार्यालयीन प्रबंधन का काम देखेंगे।
दलालों से सतर्क रहने की हिदायत
RRB NTPC Recruitment 2026 आरआरबी ने अभ्यर्थियों को चेताया है कि वे नौकरी लगवाने का झांसा देने वाले असामाजिक तत्वों और दलालों के चक्कर में न पड़ें। रेलवे में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और अभ्यर्थियों की नियुक्ति केवल कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की मेरिट के आधार पर की जाती है। किसी भी नवीनतम और प्रामाणिक सूचना के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करें।
