विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साइबर क्राइम: ATS का अधिकारी बनकर रिटायर दारोगा को डिजिटल अरेस्ट किया, 77.80 लाख रुपये ठगे

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 10 Nov 2026 01:05 PM (IST)

प्रयागराज में साइबर अपराधियों ने एटीएस अधिकारी बनकर एक रिटायर्ड दारोगा को डिजिटल अरेस्ट कर 77.80 लाख रुपये ठग लिए। ...और पढ़ें

प्रयागराज में एटीएस अधिकारी बनकर रिटायर्ड दारोगा से 77 लाख की डिजिटल ठगी की गई।

प्रयागराज में एटीएस अधिकारी बनकर रिटायर्ड दारोगा से 77 लाख की डिजिटल ठगी की गई।

HighLights

  1. वाट्सएप पर भेजी आतंकी व गिरफ्तारी वारंट की फोटो

  2. जेल भेजने और जीवन बर्बाद करने की दी गई धमकी

  3. प्रयागराज के साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज, जांच

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में डिजिटल अरेस्ट करके ऑनलाइन ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। इस बार साइबर अपराधियों ने पुलिस के साथ ही आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) अधिकारी बनकर रिटायर दारोगा गजेंद्र नाथ मिश्रा से 77.80 लाख रुपये ठग लिए।

तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज 

अपराधियों ने गजेंद्र के वाट्सएप पर आतंकी, असलहे, गिरफ्तारी वारंट समेत कई तरह की तस्वीर भेजकर डराया-धमकाया। जेल भेजने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी। घटना से परेशान भुक्तभोगी कौंधियारा थाना क्षेत्र के ओसा देवरा गांव निवासी गजेंद्र ने साइबर क्राइम थाने में आकाश वर्मा, नीरज पांडेय और विक्रम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस बैंक खाते के जरिए साइबर अपराधियों के बारे में पता लगा रही है।

31 अक्टूबर को अनजान नंबर से काल आई थी

भुक्तभोगी रिटायर दारोगा गजेंद्र नाथ मिश्रा का कहना है कि 31 अक्टूबर 2026 को अनजान नंबर से काल आई। कालर ने खुद को पुलिस मुख्यालय लखनऊ का सीनियर इंस्पेक्टर आकाश वर्मा बताया। कहा कि डाक्यूमेंट का गलत उपयोग करके एक मोबाइल नंबर लिया गया है, जिसका संबंध गंभीर आपराधिक गतिविधियों से है।

भुक्तभोगी पर ऐसे दबाव बनाया गया

इसके बाद आकाश ने एटीएस के कथित सीनियर इंस्पेक्टर नीरज पांडेय से बात करवाई तो उसने धमकाते हुए नान इनवाल्वमेंट सर्टिफिकेट (एनआइसी) प्राप्त कर सूचित करने को कहा। कुछ देर बाद नीरज ने कथित आईजी विक्रम सिंह से बात कराई। फिर वाट्सएप पर समझौता का कागज गिरफ्तारी वारंट, वारंट, तमाम आतंकवादी, उनकी गतिविधियों, असलहे-कारतूस की फोटो भेजकर दबाव बनाया।

कई बैंक खाते में 77 लाख 80 हजार ट्रांसफर कर दिया

कहा कि अगर किसी से बताया तो पूरा परिवार फंस जाएगा। वाट्सएप पर काल चालू रखते हुए बैंक भेजा गया और हर तीन घंटे में हाजिरी लेते रहे। भयभीत गजेंद्र ने साइबर अपराधियों ने बताए गए तेलंगाना के वरंगल, हनुमकोंडा और गोरखपुर के झुमिला बाजार स्थित एक्सिस बैंक के खाते में 77 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया।

महिला डॉक्टर समेत कई हो चुके हैं ठगी का शिकार

इस दौरान साइबर अपराधी गजेंद्र से बार-बार कहते रहे कि वह पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में है। कई दिनों तक डिजिटल अरेस्ट करके पीड़ित को आनलाइन साइबर ठगी का शिकार बनाया गया। इस घटना से पहले भी साइबर अपराधी एक महिला डॉक्टर, कारोबारी की पत्नी, रिटायर आईबी इंस्पेक्टर समेत कई को डिजिटल अरेस्ट करके ठग चुके हैं।

क्या होता है डिजिटल अरेस्ट?

डिजिटल अरेस्ट में साइबर अपराधी वीडियो काल के जरिए आप पर हावी होता है और आपको घर में ही बंधक बना लेता है। सबसे पहले ठग आपको पुलिस का अधिकारी बनकर वीडियो काल करता है। इसके बाद आधार कार्ड, सिम कार्ड, बैंक अकाउंट का उपयोग किसी गैरकानूनी काम के लिए हुआ है, ऐसा कहकर डराता-धमकाता है और फिर धनउगाही करता है।

इन बातों पर ध्यान रखकर आप भी रहें सतर्क

- कस्टम, सीबीआइ, पुलिस अधिकारी के नाम से काल आने पर न घबराएं।
- इनके नाम से फोन काल आने पर संबंधित थाने पर पुलिस को बताएं।
- स्काइप, टेलीग्राम और फेसबुक पर कोई गोपनीय जानकारी साझा न करें।
- पुलिस, ईडी, सीबीआइ, एटीएस किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती।
- साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करें।

यह भी पढ़ें- हाथ में फूटे सुतली बम, किसी की आंख में घुसी चिंगारी; दीवाली पर लापरवाही से पटाखे बजाना कई पर पड़ा भारी

यह भी पढ़ें- मैं लघु सिंचाई विभाग से बोल रहा हूं..., 10 हजार रुपये दे दो तो बोरिंग करा दूंगा; साइबर अपराधियों की करतूत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।