लो भइया! फिर टूट गया रिकॉर्ड, पहली बार एयरपोर्ट पर पहुंचे इतने यात्री; अब लगा लें महाकुंभ में भीड़ का अंदाजा
प्रयागराज एयरपोर्ट ने 10 फरवरी को 13915 यात्रियों के आवागमन के साथ नया कीर्तिमान बनाया। यह 2019 में सिविल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद एक दिन में सबसे अधिक यात्री संख्या है। इस दिन पहली बार 80 नियमित उड़ानों सहित कुल 112 विमान (32 चार्टर सहित) संचालित हुए। महाकुंभ के चलते एयरपोर्ट लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है जनवरी से अब तक नौ बार यात्री संख्या का रिकॉर्ड टूटा है।

जागरण संवाददाता, महाकुंभ नगर। लो भइया फिर से टूटा यात्रियों के आवागमन का रिकार्ड। बन गया एक नया कीर्तिमान। यह प्रयागराज एयरपोर्ट है, यहां कीर्तिमान ऐसे बन और टूट रहे हैं, जैसे क्रिकेट मैदान पर आतिशी बल्लेबाजी। 10 फरवरी को प्रयागराज एयरपोर्ट से 13915 यात्रियों का आवागमन हुआ।
यह 2019 में प्रयागराज सिविल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद से एक ही दिन में सर्वाधिक यात्रियों के आवागमन की संख्या है। यह एक माह में नौंवी बार है जब प्रयागराज एयरपोर्ट ने अपना पुराना आंकड़ा ध्वस्त कर नए कीर्तिमान को स्वीकार कर लिया है।
दस फरवरी को प्रयागराज एयरपोर्ट से पहली बार समय सारिणी के अनुसार 80 विमानों का आवागमन हुआ और अपने आप में यह भी एक कीर्तिमान है। जबकि कुल विमानों की संख्या 112 रही। जिसमें 32 चार्टर आए-गए। 16 चार्टर से 64 विशिष्ट यात्री आए और इतने ही चार्टर से 65 विशिष्ट यात्री रवाना हुए।
सोमवार को समय सारिणी के अनुक्रम में इंडिगो की सर्वाधिक 17, एलाइंस एयर की चार, अकासा एयर की दो, स्पाइस जेट की 12 व एयर इंडिया की पांच उड़ानें शामिल रहीं। इतनी ही विमान लैंड हुए थे। कुल 6885 यात्री प्रयागराज आए, जबकि 7030 यात्री यहां से रवाना हुए। जबकि अकासा एयर की दो उड़ानें निरस्त भी रहीं।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर कब बना कीर्तिमान
- 10 जनवरी : 106 साल के विमान सेवा इतिहास में पहली बार प्रयागराज से रात में यात्री विमान उड़ा
- 15 जनवरी : 93 वर्ष बाद अंतरराष्ट्रीय विमान (लारेन पावेल विमान से भूटान गई) उड़ा।
- 14 जनवरी : 43 विमान व 5,250 यात्री
- 28 जनवरी : 62 विमान व 8,378 यात्री
- 31 जनवरी : 62 विमान व 6,862 यात्री
- एक फरवरी : 87 विमान व 10,599 यात्री
- चार फरवरी : 87 विमानों व 11,560 यात्री
- सात फरवरी . 111 विमान व 12717 यात्री
- आठ फरवरी : 138 विमान व 13303 यात्री
- 10 फरवरी : 13915 यात्रियों का आवागमन
चार्टर विमानों का कीर्तिमान
- 18 जनवरी : 15 चार्टर व 119 विशिष्ट यात्री
- 31 जनवरी : 19 चार्टर व 101 विशिष्ट यात्री
- एक फरवरी : 23 चार्टर व 153 विशिष्ट यात्री
- चार फरवरी : 15 चार्टर व 179 विशिष्ट यात्री
- सात फरवरी : 37 चार्टर व 229 विशिष्ट यात्री
- आठ फरवरी : 60 चार्टर व 356 विशिष्ट यात्री
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।