प्रयागराज में राजेश यादव के गड़े धन का राज गहराया, म्यूचुअल फंड, शेयर और जमीन में लाखों का निवेश
प्रयागराज के राजेश यादव उर्फ बबलू के घर से करोड़ों रुपये मिलने के मामले में नए खुलासे हुए हैं। अब ...और पढ़ें

राजेश यादव के मकान में खोदाई जारी, अब तक खोदे जा चुके हैं पांच कमरे। जागरण
HighLights
करोड़ों रुपये के साथ म्यूचुअल फंड निवेश का खुलासा।
शेयर बाजार और एलआईसी में भी लाखों रुपये का निवेश।
प्रयागराज-प्रतापगढ़ राजमार्ग पर महंगी जमीन खरीदने की बात।
राजेंद्र यादव, प्रयागराज। नवाबगंज के बरईपुर रामनगर निवासी राजेश यादव उर्फ बबलू के घर में जमीन में गड़े तीन ड्रमों और बक्सों में मिले करोड़ों रुपये के मामले में नई-नई बातें सामने आ रही हैं। अभी तक कार, जमीन, ट्रैक्टर, पिकअप, आभूषण खरीदने की बात ही प्रकाश में आई थी, लेकिन अब उसके द्वारा म्यूचुअल फंड, शेयर और एलआइसी में लाखों रुपये निवेश किए जाने की जानकारी अफसरों को मिली है।
इसके लिए उससे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर प्रतापगढ़ जिले में महंगे दाम पर जमीन खरीदने की बात भी जांच एजेंसियों को पता चली है, जिसकी पड़ताल की जा रही है।
नवाबगंज के बरईपुर रामनगर निवासी राजेश यादव उर्फ बबलू के घर से बुधवार देर शाम पुलिस ने जमीन में गड़े तीन नीले ड्रम में भरे करोड़ों रुपये बरामद किए थे। इसकी जानकारी आयकर विभाग को मिली तो गुरुवार देर शाम वह यहां पहुंची। शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने राजेश यादव के घर की खोदाई पुन: शुरू कराई, जो शनिवार को भी जारी रही। इस दौरान ताला बंद चार बक्से मिलने का भी शोर मचता रहा, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।
अधिकारियों को घर से संपत्ति से जुड़े काफी दस्तावेज मिले, जिसे कब्जे में ले लिया गया है। इसमें प्रयागराज जिले में दादनपुर, मुबारकपुर, मेंडारा, शांतिपुरम व फाफामऊ समेत अन्य जगहों जमीन खरीदी है। गांव स्थित बाजार में मार्केट बनवाने के लिए उसने जमीन खरीदी।
जांच एजेंसियों को यह भी पता चला कि राजेश यादव उर्फ बबलू के करीबी रिश्तेदार प्रयागराज-प्रतापगढ़ सीमा पर रहते हैं। ऐसे में वहां भी उसने वर्ष 2025 में जमीन खरीदने की बात कही। प्रयागराज-लखनऊ राजमार्ग पर लालगोपालगंज के आगे करीब सवा बिस्वा जमीन उसने 75 लाख रुपये की खरीदी, जबकि यह जमीन 60 लाख रुपये की थी। लेकिन किसी ने इसका दाम 65 लाख रुपये लगा दिया था, जिस कारण अपनी हैसियत दिखाने के लिए उसने 75 लाख में जमीन खरीद ली थी। जबकि यहां का सर्किल रेट 20 लाख रुपये है।
यह भी पढ़ें- तीन ड्रमों में छिपाकर रखे थे 3.20 करोड़, म्यूचुअल फंड और शेयर में भी किया लाखों का इन्वेस्टमेंट
यही नहीं, जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि उसने यहीं पर मुख्य सड़क से करीब एक किलोमीटर दूर एक और जमीन खरीदी है। सूत्रों की मानें तो म्युचुअल फंड, शेयर और एलआइसी ने राजेश यादव ने खुद और अपने परिवार के कई सदस्यों के नाम से लाखों रुपये खपाए हैं, इसके भी कुछ दस्तावेज अफसरों के हाथ लगे हैं। हालांकि, अभी इस पूरे प्रकरण में कोई अधिकारी कुछ नहीं बोल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।