रेलवे बोर्ड की कमेटी संग CCAA अभ्यर्थियों की आज अहम वार्ता, ग्रुप-डी भर्ती में विसंगतियों का लगाया है आरोप
आज रेलवे ग्रुप-डी भर्ती में कथित विसंगतियों और कटऑफ अंकों को लेकर कोर्स कंप्लीटेड एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थियों की रेलवे बोर्ड की कमेटी से अहम वार्ता होगी। अभ्यर्थी उम्मीद कर रहे हैं कि बैठक में उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।

रेलवे ग्रुप डी भर्ती में कटऑफ अंकों को लेकर आरोप लगे हैं, रेलवे बोर्ड की कमेटी संग CCAA अभ्यर्थियों की वार्ता होगी।
HighLights
रेलवे ग्रुप डी भर्ती में कटऑफ अंकों को लेकर भी लगे हैं आरोप
वार्ता में अपने पक्ष में निर्णय लिए जाने का अभ्यर्थियों को उम्मीद
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। ग्रुप डी भर्ती में कोर्स कंप्लीटेड एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थियों की आज गुरुवार को रेलवे बोर्ड की कमेटी से वार्ता होगी। इसमें कई बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि बैठक में उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।
अभ्यर्थी रेलवे ग्रुप-डी भर्ती में कथित विसंगतियों और कटऑफ अंकों को लेकर कई दिनों से आरोप लगा रहे हैं। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सूबेदारगंज के बाहर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन भी कर चुके हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में भेदभाव और नियमों की अनदेखी की गई है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि सीसीएए श्रेणी में सामान्य वर्ग का कटऑफ 71.493 और एसटी वर्ग का कटऑफ 73.048 अंक जारी किया गया है। सामान्य वर्ग से एसटी का कटऑफ अधिक होने पर प्रश्न उठा रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि परिणाम में सीसीएए के साथ दूसरे विभागों से अप्रेंटिस करने वाले अभ्यर्थियों को भी शामिल किया गया है। इससे रेलवे में अप्रेंटिस करने वाले अभ्यर्थियों के चयन की संभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं।
अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई आवाज पर रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) प्रयागराज ने सप्ताह भर पहले अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी किया था। इसमें कहा गया था कि कोर्स कंप्लीटेड एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थियों की ओर से क्षैतिज आरक्षण की प्रक्रिया और उसके लागू होने को लेकर मिले प्रत्यावेदनों को आवश्यक निर्देश के लिए रेलवे बोर्ड भेज दिया गया है। हालांकि, इसके बाद अभ्यर्थियों ने 25 नवंबर को दिल्ली में रेलवे भवन के सामने प्रदर्शन करने की बात कही थी। जिसे लेकर रेलवे बोर्ड ने अहम निर्णय लिया।
रेलवे बोर्ड द्वारा गठित कमेटी की गई। अभ्यर्थियों से कहा गया कि 26 नवंबर को रेलवे बोर्ड द्वारा गठित कमेटी सिविल लाइंस स्थित कोरल क्लब में वार्ता करेगी। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनका दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कमेटी से बातचीत करेगा। उन्हें पूरी उम्मीद है कि उनकी जो भी मांगें हैं, उसे पूरा किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।