प्रयागराज में बनेगा डॉग सेल्टर होम, 1500 आवारा कुत्तों को रखने की होगी व्यवस्था; सड़क पर राहगीरों को मिलेगी राहत
प्रयागराज में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए नगर निगम दो नए डॉग शेल्टर होम बना रहा है। इन शेल्टर होम में हजारों कुत्तों को रखकर उनकी नसबंदी और देखभाल की जाएगी, जिससे शहरवासियों को राहत मिलेगी।

प्रयागराज में आवारा कुत्तों के आतंक से राहत दिलाने के लिए कई जगह डॉग शेल्टर होम बनाया जाएगा। जागरण आर्काइव
HighLights
फाफामऊ के मलाक हरहर में भी पांच हजार अवारा कुत्तों के लिए बनेगा डॉग शेल्टर होम
100 वार्डों में 1.50 लाख आवारा कुत्तों की संख्या है, 20 हजार विदेशी नस्ल के कुत्ते हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों के बढ़ते झुंड और उनके हमलों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाने की तैयारी की है। शहर के मरियाडीह इलाके में करीब चार एकड़ भूमि पर डॉग शेल्टर होम बनाने की तैयारी है। इसमें एक हजार से 1500 तक आवारा कुत्तों को रखने की व्यवस्था होगी। इस सेंटर में कुत्तों की नलबंदी भी की जाएगी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी सीएनडीएस को दी जाएगी।
आक्रामक आवारा कुत्तों से मिलेगी राहत
नगर निगम की ओर से शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए उनकी नसबंदी भी कराई जा रही है। हालांकि नसबंदी के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों के झुंड की समस्या बनी हुई है। ऐसे में डॉग शेल्टर होम बनने से आक्रामक और समस्या पैदा करने वाले कुत्तों को निर्धारित व्यवस्था के तहत रखने में मदद मिलेगी।
खास-खास
2 हजार कुत्तों का ही शहर में हुआ रजिस्ट्रेशन
23 हजार आवारा कुत्तों की नलबंदी हो चुकी है
53 सार्वजनिक स्थानों पर 10 हजार आवारा कुत्ते
7 शहर के स्थानों पर बनाया जाएगा शेल्टर होम
आवारा कुत्तों के प्रबंधन, देखभाल-निगरानी होगी
नगर निगम के 100 वार्डों में डेढ़ लाख से अधिक आवारा कुत्ते होने का अनुमान है। शहर में 53 ऐसे सार्वजनिक स्थल भी चिह्नित किए गए हैं, जहां 10 हजार से अधिक आवारा और आक्रामक कुत्तों की मौजूदगी बताई गई है। इन स्थानों पर राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से परेशानी होती है। नगर निगम के पुश चिकित्सा एंव कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि डॉग शेल्टर होम बनने से आवारा कुत्तों के प्रबंधन, देखभाल और निगरानी की व्यवस्था बेहतर होगी।
फाफामऊ की ओर चार हेक्टेयर में होगा निर्माण
फाफामऊ की ओर मलाक हरहर क्षेत्र में चार हेक्टेयर से अधिक दायरे में डॉग शेल्टर होम का निर्माण किया जाएगा। जमीन का चिह्नांकन किया जा चुका है। अगले वित्तीय वर्ष में निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। इस शेल्टर होम में पांच हजार से अधिक आवारा कुत्ते एक साथ रखे जा सकेंगे।