विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरात से लौट रहे युवक की संदिग्ध दशा में मौत, सड़क किनारे मिला शव; शरीर पर चोट के निशान देख हत्या की जताई आशंका

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 26 Nov 2026 01:12 PM (IST)

प्रयागराज में बरात से लौट रहे दो युवकों की मौत हो गई। घूरपुर में एक युवक का शव सड़क किनारे मिला, शरीर पर चोट के निशान देख हत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि थरवई में कार की टक्कर से दूसरे युवक की जान चली गई।

प्रयागराज के थरवई में कार की टक्कर से मरने वाले आशीष कुमार भारतीय की फाइल फोटो।

प्रयागराज के थरवई में कार की टक्कर से मरने वाले आशीष कुमार भारतीय की फाइल फोटो।

HighLights

  1. हादसे के बाद बाइक पर साथ रहा साथी भाग गया

  2. प्रयागराज के यमुनापार में घूरपुर थाना क्षेत्र की घटना

  3. गंगापार के थरवई में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यमुनापार में घूरपुर थाना क्षेत्र हथिगन गांव के पास बुधवार देर रात बरात से लौट रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। शरीर पर चोट देख स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। इसी प्रकार गंगापार के थरवई इलाके में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

करछना के पनासा निवासी था प्रकाश 

करछना थाना क्षेत्र के लकटहा पनासा गांव निवासी 38 वर्षीय प्रकाश तिवारी उर्फ बंटी पुत्र प्रेमशंकर तिवारी बुधवार शाम बबुरा तलिया से घूरपुर गई बारात में शामिल होने अपने एक साथी के साथ गया था। देर रात दोनों बारात से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हथिगन गांव स्थित मजार के पास प्रकाश की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। हादसे के बाद उसका साथी मौके से भाग निकला।

बेटी पलट और पत्नी नेहा समेत स्वजन गमगीन 

शव देख राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और फिर युवक के मोबाइल से घरवालों को बताया। प्रकाश चार भाइयों में सबसे बड़ा था और घर पर ही रहता था। उसकी 14 वर्षीय बेटी पलक है। युवक की मौत से पत्नी नेहा समेत परिवार के सदस्य गमगीन हैं।

पुलिस ने कहा- प्रथम दृष्टया सड़क हादसा प्रतीत हो रहा 

घूरपुर थाना प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि युवक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

थरवई क्षेत्र के बन केसरी गांव निवासी 30 वर्षीय आशीष कुमार भारतीय की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह बसमहुआ गांव स्थित गेस्ट हाउस से बरात में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे रास्ते में एक कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए बनी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थरवई पुलिस ने कार को कब्जे में लिया।

पान की दुकान चलाते थे आशीष 

बताया गया है कि आशीष पान की पुलिया बाजार में पान-सुपारी की दुकान चलाते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी अनीता देवी 27 वर्ष, छह वर्षीय बेटी अंशिका तीन वर्षीय बेटा अयान है परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।