Railway ALP Bharti 2026 : सीबीटी-1 के लिए ई-कॉल लेटर जारी, तीन नवंबर से शुरू होगी परीक्षा
रेलवे भर्ती बोर्ड ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) भर्ती 2026 के प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-1) के लिए ...और पढ़ें

एएलपी भर्ती 2026 की सीबीटी-1 परीक्षा के लिए आरआरबी ने ई-कॉल लेटर जारी कर दिया है।
HighLights
आरआरबी की वेबसाइट पर पंजीकरण संख्या व जन्मतिथि से प्रवेशपत्र डाउनलोड करें
रेलवे भर्ती बोर्ड सहायक लोको पायलट भर्ती के लिए तीन दिन परीक्षा आयोजित करेगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Railway ALP Bharti 2026 रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) भर्ती 2026 के प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-एक) के लिए अभ्यर्थियों के ई-काल लेटर (प्रवेश पत्र) जारी कर दिए हैं। परीक्षा का आयोजन तीन, चार और पांच नवंबर को देश भर के निर्धारित केंद्रों पर किया जाएगा। अभ्यर्थी अब अपने संबंधित आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
जारी हो चुकी है परीक्षा शहर की सूची
बोर्ड ने पूर्व में ही परीक्षा शहर और तिथि की जानकारी के लिए लिंक सक्रिय कर दिया था, जिसके बाद नियमानुसार परीक्षा तिथि से ठीक चार दिन पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों के लिए निशुल्क यात्रा प्राधिकार पत्र (ट्रैवल पास) भी डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। बोर्ड ने अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा प्रणाली को समझने के लिए ऑनलाइन मॉक टेस्ट लिंक भी पहले से सक्रिय रखा है, जिससे अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित परीक्षा के प्रारूप और समय प्रबंधन से अच्छी तरह परिचित हो सकें।
11,127 पदों पर सहायक लोको पायलट की नियुक्ति
Railway ALP Bharti 2026 रेलवे में इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 11,127 सहायक लोको पायलट पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसमें आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत 610 पद शामिल हैं, जिनके तहत चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) और उत्तर रेलवे (एनआर) में तैनाती दी जाएगी। बड़ी संख्या में रिक्तियां होने के कारण अभ्यर्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
मूल फोटो पहचान पत्र लाना होगा अनिवार्य
बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र पर ई-कॉल लेटर के साथ उम्मीदवार को अपना मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट) साथ लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र की केवल फोटोकॉपी मान्य नहीं होगी। इसके अलावा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन और चेहरे की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पांच चरणों में होगी परीक्षा
Railway ALP Bharti 2026 चयन प्रक्रिया मुख्य रूप से पांच चरणों में संपन्न होगी। पहले और दूसरे चरण में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद तीसरे चरण में कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षण (साइको टेस्ट), चौथे चरण में दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चरण में विस्तृत चिकित्सा परीक्षण होगा। प्रथम चरण की परीक्षा केवल अर्हक (क्वालीफाइंग) प्रकृति की है, जिसके अंक अंतिम मेरिट सूची में नहीं जुड़ेंगे, बल्कि इसका उपयोग अगले चरण के लिए अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट करने हेतु किया जाएगा। समय पर केंद्र पहुंचने और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।