विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले सैलून वाले के सिर पर सटाया तमंचा फिर गवाह को किया गोलियों से छलनी, रेकी के बाद सुनियोजित तरीके से की गई हत्या

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Nov 2026 01:29 PM (IST)

प्रयागराज के अल्लापुर में प्रॉपर्टी डीलर अरविंद भारतीया की सैलून में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह साजन मेहतर हत्याकांड का गवाह था और पुलिस पुरानी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में बिलखते परिवार के लोग व मृतक अरविंद की फाइल फोटो। जागरण

प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में बिलखते परिवार के लोग व मृतक अरविंद की फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. प्रयागराज के अल्लापुर में हत्या की, बेखौफ शूटरों की स्टाइल देख सहमे लोग, अफरा-तफरी

  2. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन शूटर थे, कई संदिग्ध लोगों को पुलिस ने दबोचा, हो रही पूछताछ

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अल्लापुर में बेखौफ बदमाशों ने गुरुवार शाम दुस्साहसिक अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। सैलून में घुसते ही एक नकाबपोश बदमाश ने संचालक के सिर पर तमंचा सटा दिया, जबकि दूसरे शूटर ने सेविंग करवा रहे साजन मेहतर हत्याकांड के गवाह 30 वर्षीय प्रापर्टी डीलर अरविंद भारतीया को गोलियां से छलनी कर दिया। शूटरों की स्टाइल देख वहां मौजूद लोग सहम गए तो आसपास दहशत फैल गई।

तीन से चार मिनट में घटना

पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अरविंद की रेकी करने के बाद सुनियोजित तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। करीब तीन से चार मिनट में घटना कारित की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन शूटर थे। रात में पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थान पर छापेमारी करते हुए कई संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। उन सभी से हत्या के बारे में पूछताछ की जाती रही। पीड़ित परिवार ने जिन पर आरोप लगाया, उनके घर भी पुलिस पहुंची तो ताला बंद मिला। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए पूरे शहर में नाकेबंदी की गई।

अल्लापुर के शेरू सैलून में वारदात 

बताया गया है कि अरविंद शाम करीब साढ़े छह बजे शेरू सैलून की दुकान पर पहुंचा था। वह सेविंग करवा रहा था, तभी बाइक से कुछ युवक पहुंचे। सैलून संचालक जब तक कुछ समझ पाता, एक नकाबपोश तो दूसरा टोपी लगाए बदमाश भीतर दाखिल हो गए। वह कुछ कहता, इससे पहले ही संचालक के सिर पर तमंचा सटाते हुए जान से मारने की धमकी दी। यह देख अरविंद संभलता, इससे पहले ही उसके सिर और शरीर के दूसरे हिस्से को गोलियों से छलनी कर दिया।

सैलून के बाहर भी बाइकों से बदमाश मौजूद थे 

प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि सैलून के पास कई और बाइक सवार बदमाश मौजूद थे, जो हमलावरों को कवर देने के लिए पूरी तरह से तैयार दिख रहे थे। हत्या के बाद जब शूटर मौके से भागे तो बाहर खड़े बदमाश भी उनके पीछे तेजी से फरार हुए। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पहचान करते हुए तलाश की जा रही है। डीसीपी सिटी सागर जैन ने कहा कि अभियुक्तों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रापर्टी डीलर था अरविंद 

जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर मोहल्ले में रहने वाले किशुन भारतीया के पांच बेटों में सबसे छोटा अरविंद था। वह प्रापर्टी डीलिंग करके पत्नी आरती, सात वर्षीय पुत्र और परिवार के अन्य सदस्यों का भरण पोषण करता था। अल्लापुर के ही मटियारा रोड पर जुलाई 2025 में हिस्ट्रीशीटर साजन मेहतर की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई थी। उस हत्याकांड में अरविंद और उसका भाई अमित समेत अन्य लोग पैरवी कर रहे थे।

हत्यारोपितों के एनकाउंटर की मांग

सेविंग करवाने के दौरान ही दो नकाबपोश बदमाश सैलून के भीतर घुसे और अरविंद पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। सिर, सीना, कंधे पर कई गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा तो हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए बाहर मौजूद अपने अन्य साथियों के साथ बाइक से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने साजन मेहतर हत्याकांड की पैरवी करने को लेकर चली आ रही रंजिश में कत्ल करने का आरोप लगाया और हत्यारोपितों का एनकाउंटर करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जांच करते हुए कातिलों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की है।

पुरानी रंजिश या कुछ और विवाद

हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि एक आरोपित धूमनगंज क्षेत्र में रहने वाले एक प्रभावशाली व्यक्ति का रिश्तेदार है। अरविंद पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मारा गया हिस्ट्रीशीटर साजन मेहतर और अरविंद का भाई अमित दोस्त थे। पुलिस का कहना है कि पुरानी अदावत की जो वजह थी, उसे भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

मौसी के घर जाना था शादी में

परिवार से जुड़े लोगों का कहना है था कि अरविंद को मौसी के घर आयोजित शादी समारोह में जाना था। इसके लिए ही वह दाढ़ी बनवाने और बाल कटवाने के लिए सैलून पर गया था। अरविंद का परिवार भी शादी में जाने के लिए तैयारी कर रहा था, तभी सभी को झकझोर देने वाली खबर आ गई।

अरविंद पर भी दर्ज है केस

जार्जटाउन थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी बब्बन राम का कहना है कि जांच में पता चला है कि अरविंद के खिलाफ भी तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका भाई अमित पासी जार्जटाउन थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जो अब लखनऊ में रहता है। पुलिस यह भी मान रही है कि दो गुटों के बीच रंजिश में वारदात हुई है।

बिलखती रही पत्नी और बहन

पोस्टमार्टम हाउस पर अरविंद की पत्नी आरती, बहन गुड़िया बिलखती रहीं। रिश्तेदार महिलाएं बार-बार उन्हें संभालती और हत्यारोपितों का एनकाउंटर करने की मांग करतीं। उनका यह भी कहना था कि अरविंद को कई बार धमकी भी मिली थी, जिसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। गवाह की सुरक्षा करने में लापरवाही के कारण हत्या हुई है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के अल्लापुर में फिल्मी स्टाइल में हत्याकांड के गवाह को गोलियों से भूना, सैलून में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

यह भी पढ़ें- चमत्कार के दावे, झाड़-फूंक व खुद की पूजा कराने वाले महामंडलेश्वर व संतों पर चाबुक, अखाड़ों में गुप्त जांच शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।