यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Prayagraj Weather Update: अगले दो दिनों में प्रयागराज में होगी झमाझम बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत
Prayagraj Weather Update उमसभरी गर्मी का सामना कर रहे लोगों को अगले दो दिन राहत मिल सकती है। आसमान में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, प्रयागराज : उमसभरी गर्मी का सामना कर रहे लोगों को अगले दो दिन राहत मिल सकती है। आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया है। हवाओं की रफ्तार भी बढ़ गई है। सोमवार रात कुछ जगहों पर हल्की बरसात भी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। प्रयागराज में पिछली बारिश 22 से 24 अगस्त के बीच हुई थी। इस दौरान 80 मिलीमीटर पानी गिरा था। अगस्त में 145 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी।
तापमान में तेजी से वृद्धि
पिछले पांच दिनों में रात के तापमान में भी तेजी से वृद्धि हुई। दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालांकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा जो सोमवार की तुलना में दो डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
दिन और रात के तापमान में मात्र छह डिग्री का अंतर लोगों को परेशान कर रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि छह और सात सितंबर को आमतौर पर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
सोमवार को 36.2 डिग्री सेल्सियस था अधिकतम तापमान
बादलों की वजह से तापमान में बढ़ोतरी का दौर थमेगा। सोमवार का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।
वहीं इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जलवायुकी एवं समुद्र अध्ययन केंद्र के प्रमुख प्रो. सुनीत द्विवेदी ने बताया कि अगस्त में उम्मीद से कम बारिश हुई। सितंबर में भी भारी बारिश की संभावना कम है। मानसून का सीजन सिकुड़ गया है। ऐसे में जल्द ही बारिश का दौर खत्म हो सकता है।
