प्रयागराज में दो दिनों से हो रही बारिश बंद, 1 नवंबर को सुबह छाएगी धुंध-कोहरा, बढ़ेगी ठंड; अभी भी छाए हैं बादल
प्रयागराज में दो दिनों की बारिश थमने के बाद अब धुंध और कोहरे का असर बढ़ेगा, जिससे ठंड में इजाफा ...और पढ़ें

प्रयागराज में रविवार एक नवंबर को धुध-कोहरा पड़ने की संभावना है। जागरण आर्काइव
HighLights
बारिश तो थमी लेकिन ठंड का बढ़ा असर
दो नवंबर से धूप खिलने के आसार भी हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मौसम के बदले मिजाज ने प्रयागराज में अक्टूबर के आखिरी दिनों को सुहावना बना दिया। बारिश का सिलसिला थमने के बावजूद आसमान से बादलों का पहरा नहीं हटा। शनिवार को लगातार तीसरे दिन आसमान में बादल छाए रहे।
क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?
पिछले दो दिनों में हुई बारिश के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और वातावरण में नमी बढ़ गई। हालांकि अब मौसम धीरे-धीरे साफ होने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार एक नवंबर को भी सुबह धुंध या कोहरा छाने की संभावना है, लेकिन दो नवंबर से आसमान मुख्य रूप से साफ होने और धूप खिलने के आसार हैं।
बारिश ने बदला मौसम का मिजाज
बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। 29 अक्टूबर को दोपहर बाद शुरू हुई बारिश का दौर 30 अक्टूबर को पूरे दिन चला। शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 22.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद शनिवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 26.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वातावरण में नमी बढ़ी
शनिवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री की बढ़ोतरी के बावजूद बादलों की मौजूदगी और वातावरण में नमी के कारण मौसम में ठंड का एहसास बना रहा। 96 प्रतिशत नमी से सुबह धुंध के आसार बारिश के बाद वातावरण में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है। शनिवार सुबह सापेक्ष आर्द्रता 96 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि शाम को 90 प्रतिशत रही।
5 और 6 नवंबर को कितना रहेगा तापमान?
वातावरण में नमी अधिक होने के कारण रविवार सुबह भी धुंध या हल्का कोहरा छाने की संभावना है। रविवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत हैं। पांच और छह नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।