विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रवाती तूफान अर्णब ने बदला प्रयागराज का मौसम, सुबह से हो रही रिमझिम बारिश; अब बढ़ेगी ठंड

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 29 Oct 2026 05:04 PM (IST)

चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से प्रयागराज का मौसम बदल गया है, सुबह से रिमझिम बारिश और बादलों के कारण ...और पढ़ें

प्रयागराज में सुबह से रिमझिम बारिश रुक-रुककर हो रही है। जागरण

प्रयागराज में सुबह से रिमझिम बारिश रुक-रुककर हो रही है। जागरण

HighLights

  1. छाए बादल, तापमान में गिरावट के आसार

  2. फसलों को सुरक्षित करने में जुट गए किसान

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली। बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से संगम नगरी का मौसम बदल गया है। गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया।

सुबह 10 बजे से शुरू है बारिश 

तेज हवाओं के साथ रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जिससे मौसम में ठंड महसूस होने लगी। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश रुक-रुककर जारी रही। अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को राहत दी, वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

अधिकतम तापमान गिरा

मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया था। आसमान में छाए घने बादलों और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। मौसम के इस बदले मिजाज से लोगों को अब ठंड की आहट महसूस होने लगी है।

किसानों की बढ़ी मुश्किलें 

मौसम के अचानक बदलने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तेज बारिश की आशंका को देखते हुए खेतों में तैयार फसलों की कटाई में तेजी ला दी गई है। किसान कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे रहे। जिन किसानों की फसल खेतों में कटकर पड़ी है, उन्हें बारिश में अनाज भीगने और नुकसान होने की आशंका सता रही है। खुले में रखे अनाज के भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में किसान तिरपाल और अन्य साधनों से फसल को ढकने के साथ ही उसे सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने की सलाह

मौसम में आए बदलाव के बीच गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान खुले मैदानों में रहने से बचना चाहिए। बिजली कड़कने पर पेड़ों के नीचे शरण लेने के बजाय किसी सुरक्षित पक्के भवन में जाना बेहतर है। किसानों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है।

तापमान में आएगी गिरावट

बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल, आसमान में छाए बादलों और रिमझिम बारिश ने प्रयागराज में मौसम का मिजाज बदल दिया है। लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की निगाहें अब आसमान पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- योगनिद्रा से जागने वाले हैं श्रीहरि विष्णु, गूंजेगी शहनाई और मचेगी बरात की धूम; नवंबर-दिसंबर में कितने विवाह मुहूर्त?

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के शंकरगढ़ स्टेशन पर बनेगा डीलक्स शौचालय, कानपुर और चुनार में बड़ी होगी पार्किंग; यात्रियों को होगी सुविधा