मौसम इस सप्ताह प्रयागराज में कैसा रहेगा? आसमान में छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी होगी; उमस भी करेगी बेहाल
प्रयागराज में मानसून की रफ्तार सुस्त है, जिससे पिछले दो दिनों से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई तक हल्के बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन अच्छी बारिश के आसार कम हैं।

प्रयागराज में मानसून की रफ्तार सुस्त बनी हुई है।
HighLights
संगम नगरी में मानसून की रफ्तार सुस्त बनी हुई है
दो दिनों से हल्के बादलों के बीच धूप से बढ़ी उमस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त बनी हुई है। पिछले दो दिनों से हल्के बादलों के बीच धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का माहौल बार-बार बन रहा है लेकिन हो नहीं रही। वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है।
17 जुलाई तक का जानें मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 17 जुलाई तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन अच्छी बारिश के आसार फिलहाल कम हैं।
लोग पसीने से तर-बतर हो रहे
रविवार 12 जुलाई की सुबह आर्द्रता 81 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिक नमी और धूप के कारण उमस का असर काफी बढ़ गया है। लोग घरों से बाहर निकलते ही पसीने से तर-बतर हो रहे हैं। खासकर दोपहर में गर्मी और उमस का दोहरा प्रभाव लोगों को परेशान कर रहा है।
तापमान बढ़ सकता है
मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी। हालांकि इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आज न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश न होने से उमस बरकरार
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पर्याप्त वर्षा नहीं होने और वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण उमस बनी रहेगी। तेज धूप निकलने पर गर्मी का एहसास और बढ़ जाएगा। अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में यदि मानसूनी गतिविधियां तेज होती हैं तो सप्ताह के अंत तक मौसम में कुछ राहत मिल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।