विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में धूप की तपिश कमजोर, अब रातें कराएंगी ठंड का अहसास; नवंबर के दूसरे सप्ताह से बदलेगा मौसम 

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 03 Nov 2026 04:58 PM (IST)

प्रयागराज में मौसम तेजी से ठंड की ओर अग्रसर है। सूर्य की किरणों में भी गर्मी अब नहीं है। मौसम ...और पढ़ें

प्रयागराज में नवंबर की शुरूआत से ठंड का अहसास होने लगा है। फोटो: जागरण आर्काइव

प्रयागराज में नवंबर की शुरूआत से ठंड का अहसास होने लगा है। फोटो: जागरण आर्काइव

HighLights

  1. सप्ताहांत तक 28 डिग्री के नीचे पहुंचेगा दिन का पारा

  2. न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिन में धूप तो निकल रही है, लेकिन अब उसकी तपिश में पहले जैसी तेजी नहीं रही। दोपहर की धूप में न उमस है और न ही गर्मी का वह अहसास। दूसरी ओर रात का तापमान धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा है। 

मौसम के बदलने के संकेत

मौसम के बदलते मिजाज के संकेत मिलने लगे हैं। यानी अब सर्दी दरवाजे पर खड़ी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। दिन का तापमान 28 डिग्री से नीचे पहुंच जाएगा, जबकि रात का पारा 18 डिग्री तक लुढ़क सकता है।

रात में सर्दी की आहट

सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। खास बात यह है कि न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। इसके बावजूद रात के तापमान में गिरावट का रुख सर्दी की आहट दे रहा है।

चार नवंबर की सुबह कोहरा छाएगा

पिछले 24 घंटे में बारिश नहीं हुई। सुबह वातावरण में नमी 91 प्रतिशत रही, जो शाम तक घटकर 75 प्रतिशत पर पहुंच गई। मौसम विभाग के अनुसार चार नवंबर की सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलेगी। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

आठ नवंबर तक दिन में भी महसूस होगी ठंड

तापमान में गिरावट का सिलसिला पांच नवंबर से ज्यादा स्पष्ट दिखाई देने लगेगा। इस दिन न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। छह और सात नवंबर को भी रात का तापमान इसी स्तर पर बना रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहने की संभावना है। आठ नवंबर तक दिन का पारा भी गिरकर 28 डिग्री तक पहुंच सकता है। यानी अभी दोपहर में धूप के सहारे गर्मी का एहसास भले बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में सुबह और देर रात हल्की ठंड लोगों को गर्म कपड़ों की याद दिलाने लगेगी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में नामांतरण और रजिस्ट्री में देरी पर अब 1000 रुपये एकमुश्त शुल्क लगेगा, लोगों को मिली राहत

यह भी पढ़ें- प्रयागराज एयरपोर्ट पर हवाई यात्रा का दायरा सिमटा, 7 वर्षों के न्यूनतम स्तर पर पहुंचा उड़ानों का संचालन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।