प्रयागराज में दशहरा के बाद बढ़ेगी ठंड, 25 अक्टूबर से गिरेगा अधिकतम तापमान; मौसम विभाग क्या कहता है?
मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज में दशहरा के बाद ठंड बढ़ेगी, 25 अक्टूबर से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। इन दिनों दिन-रात के तापमान में 12 डिग्री का अंतर है।

प्रयागराज में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ठंड बढ़ने की उम्मीद है। जागरण आर्काइव
HighLights
इन दिनों सुबह और रात के समय में हल्की ठंड करा रही एहसास
दिन-रात के तापमान में 12 डिग्री का अंतर, धूप से उमस कम
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मौसम में बदलाव के साथ प्रयागराज में अब गर्मी का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है। धूप खिलने से जहां उमस में कमी आई है, वहीं दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर 12 डिग्री सेल्सियस का है।
दिन में 34 व रात में 22 डिग्री तापमान
दिन में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जबकि रात में पारा गिरकर करीब 22 डिग्री तक आ जा रहा है। इससे दिन में गर्मी और रात में अपेक्षाकृत ठंडक का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज शनिवार को प्रयागराज का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन और रात के तापमान में करीब 12 डिग्री का अंतर रहने से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।
सुबह-रात में हल्की ठंड
दिन में तेज धूप के कारण गर्मी तो महसूस हो रही है, लेकिन शाम ढलने के बाद तापमान में गिरावट से राहत भी शहरवासियों को मिल रही है। सुबह और देर रात के समय भी मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने लगा है। हल्की ठंड का एहसास करा रहा है।
22 अक्टूबर के बाद न्यूनतम तापमान घटेगा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 अक्टूबर तक प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह के मौसम में भी ठंडक बढ़ने की संभावना है। इसका असर खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों और देर रात तक बाहर रहने वालों को महसूस हो सकता है।
अधिकतम तापमान 25 अक्टूबर से कम होगा
वहीं, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में 25 के बाद अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है। ऐसा होने पर दिन के समय तेज धूप से मिलने वाली गर्मी में भी कमी आएगी। हालांकि तापमान में वास्तविक गिरावट मौसम की मौजूदा परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
दिन में गर्मी, रात में राहत
फिलहाल प्रयागराज में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। दोपहर में तेज धूप के चलते गर्मी बनी हुई है, जबकि रात में तापमान गिरने से राहत मिल रही है। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण लोगों को सुबह, दोपहर और शाम के समय अलग-अलग मौसम का अनुभव हो रहा है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहा तो सुबह और रात की ठंडक बढ़ सकती है।
