प्रयागराज में करोड़ों की नोट बरामदगी के बाद अब मिला सोना? 45 घंटे तक चली राजेश के घर में खोदाई
प्रयागराज में राजेश यादव के घर 45 घंटे की खोदाई के बाद करोड़ों के आभूषण और सोने के बिस्किट मिलने ...और पढ़ें

प्रयागराज के नवाबगंज निवासी राजेश के घर में पूर्व में खोदाई करता मजदूर।
HighLights
खोदाई में आभूषण, सोने के बिस्किट मिलने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
जमीनों के दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है, बैंक के कई पासबुक भी कब्जे में
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में नवाबगंज के बरईपुर रामनगर निवासी राजेश यादव उर्फ बबलू के घर में शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे से चल रही खोदाई शनिवार देर रात करीब तीन बजे बंद कर दी गई। 45 घंटे तक चली खोदाई के दौरान रुपये तो आयकर विभाग की टीम को नहीं मिले।
हीरे के जेवरात मिलने की भी सुगबुगाहट
हालांकि सूत्रों की मानें तो कई करोड़ के आभूषणों के साथ ही सोने के बिस्किट मिले हैं। हीरे के भी कुछ जेवरात मिलने की भी सुगबुगाहट है। हालांकि, इसकी कोई अधिकारी पुष्टि नहीं है। वहीं, आयकर विभाग की टीम राजेश यादव द्वारा खुद और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम खरीदी गई जमीनों से संबंधित दस्तावेजों को खंगाल रही है।
तीन ड्रम में भरे रुपये बरामद हुए थे
नवाबगंज के बरईपुर रामनगर निवासी राजेश यादव उर्फ बबलू के घर से बुधवार देर शाम नवाबगंज पुलिस ने जमीन में गड़े तीन ड्रम में भरे रुपये बरामद किए थे। आयकर विभाग ने रकम की गिनती की तो पता चला कि यह तीन करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये है। आयकर विभाग के दर्जनभर से अधिक अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह छह बजे से राजेश यादव के घर में मजदूरों को लगवाकर खोदाई शुरू कराई। पांच कमरों, आंगन को खोदने के साथ ही दीवारों को कई जगह खोदा गया। शनिवार देर रात तीन बजे तक चली खोदाई के दौरान आयकर विभाग को कोई रकम जमीन में गड़ी नहीं मिली।
आयकर टीम को काफी दस्तावेज मिले
सूत्रों की मानें तो राजेश यादव के घर से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण मिले हैं, जिसकी कीमत कई करोड़ रुपये है। सोने के बिस्किट, चांदी व हीरे के आभूषण भी मिलने की चर्चा है। आयकर विभाग की टीम को यहां भी काफी दस्तावेज भी मिले हैं, जो जमीनों की खरीद से संबंधित हैं। इसके अलावा बैंक की कई पासबुक, एलआइसी, म्यूचुअल फंड, शेयर में भी निवेश से संबंधित दस्तावेज हाथ लगे हैं।
कई लोगों की हो रही गोपनीय जानकारी
सूत्रों का यह भी कहना है कि 19 लोगों की सूची बनाई गई है, जिनके बारे में आयकर विभाग की टीम गोपनीय तरीके से जानकारी जुटा रही है। इसमें राजेश यादव के साथ ही उसके स्वजन और करीबी रिश्तेदार शामिल हैं। इसमें से छह करीबी रिश्तेदार आयकर विभाग के रडार पर हैं। इन सभी ने कम समय में अकूत संपत्ति बनाई है।
क्या बोले नवाबगंज इंस्पेक्टर?
रविवार सुबह टीम बरईपुर रामनगर से निकली, लेकिन राजेश और उसके भाई राकेश यादव उर्फ महाकाल को साथ नहीं ले गई। दोनों अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर पर ही हैं। इंस्पेक्टर नवाबगंज पंकज अवस्थी का कहना है कि अब जो भी कार्रवाई होगी आयकर विभाग के अधिकारी करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।