प्रयागराज के गंगापार में दो बड़ी घटनाएं: संदिग्ध दशा में युवक की मौत, कार में धमाके से कारोबारी ने दम तोड़ा
प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र में दो दुखद घटनाएं हुईं, जहां फूलपुर के सलमापुर गांव में 18 वर्षीय अंकित कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। वहीं, फाफामऊ में डंपर से कार टकराने के बाद हुए धमाके में 68 वर्षीय ईंट व्यापारी साबिर अली की मौत हो गई।

फूलपुर के सलमापुर गांव में अंकित कुमार की संदिग्ध मौत पर गमगीन लोग। जागरण
HighLights
फूलपुर के सलमापुर गांव में 18 वर्षीय अंकित कुमार फंदे पर लटका मिला
फाफामऊ में डंपर से टकराकर कार में धमाका होने से ईंट व्यापारी की मौत
संसू, जागरण, फूलपुर (प्रयागराज)। जनपद के गंगापार इलाके में दो स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। फूलपुर के सलमापुर गांव में 18 वर्षीय अंकित कुमार की संदिग्ध अवस्था में जान चली गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। वहीं प्रयागराज-लखनऊ और अयोध्या हाईवे पर फाफामऊ में शांतिपुरम पुलिस चौकी के सामने आगे जा रहे डंपर के पिछले हिस्से से एक कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में धमाका हुआ और इसमें बैठे 68 वर्षीय व्यापारी साबिर अली की मौत हो गई।
18 वर्षीय अंकित का फंदे पर लटका मिला
पहली घटना फूलपुर थाना क्षेत्र के सलमापुर गांव में हुई। यहां के रहने वाले 18 वर्षीय अंकित कुमार पुत्र राम कैलाश भारतीय सोमवार सुबह फंदे पर लटका मिला। घर के करीब उसका शव पेड़ पर दुपट्टे के फंदे पर था। यह देख परिवार और ग्रामीण परेशान हो गए। अंकित कुमार की हत्या करके लाश को फंदे पर लटकाने की आशंका जताई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा। उसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मौसी के घर बहूभोज में गया था
बताया गया है कि रविवार की रात अंकित कुमार परिजनों के साथ अपने मौसी के घर बहूभोज निमंत्रण में गया था। वहां से परिवार के अन्य सदस्य घर वापस आ गए, जबकि अंकित पास के गांव के ही कुछ लोगों के साथ रुक गया। साथ गए लोगों ने परिजनों ने भरोसा दिलाया था कि वह अंकित को रात में घर वापस छोड़ देंगे। देर रात करीब दो बजे अंकित की मां की नींद खुली तो वह घर के बाहर गई। नीम के पेड़ पर बेटे को फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
हत्या का जताया गया संदेह
गांव वालों ने हत्या करके शव को फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है। हालांकि परिवारवालों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। स्वजन का कहना है कि अंकित कुमार पांच भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसने दसवीं तक पढ़ाई की थी। वह नासिक में मोटर पार्ट्स बनाने वाली कंपनी में काम करता था, जहां से चार दिन पूर्व ही घर वापस आया था। फूलपुर पुलिस का कहना है कि मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा।
प्रयागराज-लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर व्यापारी संग हादसा
दूसरी घटना फाफामऊ में शांतिपुरम पुलिस चौकी के सामने हुई। प्रयागराज-लखनऊ और अयोध्या हाईवे पर रविवार देर रात ईंट व्यापारी की कार आगे जा रहे डंपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में धमाका हुआ और 68 वर्षीय व्यापारी साबिर अली निवासी रुदापुर, थाना फाफामऊ की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। साबिर का गोहरी गांव में ईंट भट्ठा है। रात में वहीं से घर वापस जा रहाे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। फाफामऊ थाना प्रभारी निरीक्षक छोटक सिंह यादव ने बताया कि साबिर हृदय रोग से पीड़ित थे। इलाज चल रहा था। स्वजन का कहना है कि कार चलाते समय हार्ट अटैक हो गया और घबराहट में उनकी कार डंपर में जा भिड़ी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।