प्रतापगढ़ में वारदात, रंजिश में युवक का गला रेतकर गंभीर रूप से घायल किया, प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती
प्रतापगढ़ के विवेक नगर में एक युवक प्रदीप श्रीवास्तव पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उसका गला रेत दिया गया। गंभीर रूप से घायल प्रदीप को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस पुरानी रंजिश में हमले की आशंका जता रही है।

प्रतापगढ़ में नगर कोतवाली के विवेक नगर में युवक पर जानलेवा हमले के बाद जांच-पड़ताल करती पुलिस। जागरण
HighLights
धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला
नगर कोतवाली के विवेक नगर की घटना
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के विवेक नगर में रविवार रात गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया। एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने जानलेवा हमला किया। धारदार हथियार से वार करके युवक को घायल कर दिया। गंभीर हालत में उसे प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पुरानी रंजिश में हमला का अनुमान लगाया है। फिलहाल जांच-पड़ताल की जा रही है।
किराए के कमरे में रहने वाले प्रदीप पर हमला
किराए के कमरे में रहने वाले 48 वर्षीय प्रदीप श्रीवास्तव का अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से गला रेत दिया। घटना रविवार रात की है और इसकी जानकारी सुबह हो सकी। गांव में सूचना मिलने पर उनके भाई ने उनको अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारी भी पहुंचे, की जांच
उधर जानलेवा हमले की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने पुरानी रंजिश में हमला किए जाने का अनुमान लगाया है। गहराई से जांच की जा रही है।