प्रतापगढ़ में अनोखी शादी: जयमाल स्टेज पर गूंजे आरक्षण बचाओ के नारे, प्रदर्शनकारियों ने लहराए मांगों के पोस्टर; की नारेबाजी
प्रतापगढ़ में एक अनोखी शादी हुई, जहाँ जयमाल के स्टेज पर अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों ने आरक्षण बचाओ के नारे लगाए और अपनी मांगों के पोस्टर लहराए। यह शादी संघर्ष की राह पर मिले दो बेरोजगार युवाओं की थी।

प्रतापगढ़ में जयमाल स्टेज पर शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगें बुलंद की।
HighLights
अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों ने स्टेज पर नारे लगाए, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित
अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों ने पोस्टर लहराकर मांगे उठाईं।
संघर्षरत अखिल और अर्चना की शादी ने आंदोलन को जोड़ा।
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। शादी के मंडप और जयमाल के स्टेज पर यूं तो बधाई के गीत बजते हैं, भगवान के जयकारे लगते हैं और लोग उत्सव मनाते हैं। हालांकि यह शादी कुछ अलग ही थी। स्टेज पर अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थियों द्वारा आरक्षण बचाओ के नारे लगाए गए। आंदोलन के तेवर में अपने साथी दंपती को बधाई दी गई। यह अंदाज इंटरनेट मीडिया पर चर्चा में है।
आरक्षण विसंगति के खिलाफ लड़ाई ने बनाया जीवनसाथी
आठ वर्षों से सरकारी नौकरी का सपना और इसके लिए लखनऊ में 82 दिनों से न्याय की आस में धरना-प्रदर्शन। इस संघर्ष की राह ने दो बेरोजगार युवाओं को जीवनसाथी बना दिया। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती (2018) की आरक्षण विसंगति के खिलाफ लड़ रहे अभ्यर्थी अखिल कुमार और अर्चना शुक्रवार रात अपने घर के पास हीरागंज में शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।
कुंडा के अखिल व संग्रामगढ़ की अर्चना अभ्यर्थी हैं
कुंडा के गयासपुर गांव निवासी अखिल कुमार और संग्रामगढ़ की अर्चना 2018 की सहायक अध्यापक भर्ती के अभ्यर्थी हैं। लखनऊ में चल रहे धरना-प्रदर्शन और आरक्षण विसंगति के खिलाफ आंदोलन में दोनों की सहभागिता ने उन्हें करीब लाया। शुक्रवार रात हीरागंज बाजार के एक गेस्ट हाउस में दोनों की शादी हुई, जहां खुशियों के बीच हक और न्याय की गूंज भी सुनाई दी।
स्टेज पर आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग उठाई
यह शादी सिर्फ दो परिवारों के मिलन तक सीमित नहीं रही, बल्कि आंदोलनरत साथियों के लिए अपने संघर्ष को साझा करने का मंच भी बनी। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने दूल्हा-दुल्हन के साथ जयमाल के स्टेज पर बैनर और पोस्टर लहराते हुए आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग उठाई।
धरनास्थल पर ही सभी त्योहार मनाया
'आरक्षण बचाओ, हक हमारा आरक्षण हमारा' के नारों के बीच कई साथियों ने अपनी मांगों के समर्थन में विशेष टोपी भी पहन रखी थी। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी लंबे समय से धरनास्थल पर ही नवरात्र, दशहरा, करवाचौथ, दीपावली, भैया दूज और छठ जैसे पर्व मनाते आ रहे हैं।
सुखमय जीवन की दी शुभकामनाएं
82 दिनों से जारी इस संघर्ष के बीच जब साथियों की शादी का अवसर आया तो अभ्यर्थियों ने उन्हें सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही आरक्षण की मांग को भी मजबूती से दोहराया। इस अनूठी शादी में रंजना जायसवाल, मनोज, अवनीश, चंद्रशेखर, तनुज, गोपाल, निखिल, शशिधर, रूपेंद्र, ऋतिक, अनुज, हितेश, आलोक, अभिषेक, राहुल, रोहित समेत आंदोलनकारी व स्वजन शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।