बिजली बिल और मीटर में रीडिंग का गड़बड़झाला, उपभोक्ताओं का निकला दिवाला; प्रयागराज के बाशिंदे परेशान
प्रयागराज में बिजली बिलों में गड़बड़झाला सामने आया है, जहाँ उपभोक्ताओं को गलत रीडिंग और बढ़े हुए बिलों से परेशानी हो रही है। उपभोक्ता उपखंड कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, और अधिकारी जांच कर सुधार का आश्वासन दे रहे हैं।

बिजली बिल और मीटर में रीडिंग में अनियमितता को लेकर प्रयागराज में उपभोक्ता परेशान हैं।
HighLights
एक साल पहले 1500 से 1800 रुपये बिजली बिल था, अब 4200 रुपये तक आ रहा
गलत रीडिंग और बढ़े बिल को लेकर उपभोक्ता लगा रहे उपखंड कार्यालयों के चक्कर
राजेंद्र यादव, प्रयागराज। बिजली विभाग की ओर से बिलिंग व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता के चाहे जितने दावे किए जा रहे हों, लेकिन हकीकत में उपभोक्ताओं की परेशानी कम होती नजर नहीं आती है। किसी का बिजली का बिल दो से तीन गुना तक बढ़कर आ रहा है तो किसी के बिल में दर्ज रीडिंग और घर में लगे मीटर की वास्तविक रीडिंग में अंतर है। स्थिति यह है कि जिन उपभोक्ताओं का एक साल पहले तक हर माह 1500 से 1800 रुपये के आसपास बिल आता था, अब उन्हें 3500 से 4200 रुपये तक भुगतान करना पड़ रहा है।
शिकायत लेकर घूम रहे लोग
कमला नेहरू रोड स्थित पावर हाउस में पहुंचे आजाद स्क्वायर मुहल्ला निवासी विवेक कुमार श्रीवास्तव का बिजली का बिल अक्टूबर का लगभग 4200 रुपये आया है, जबकि इसके पहले जून में उनका बिजली का बिल 1800 रुपये था। इसके बाद इसमें वृद्धि शुरू हुई और यह 2000 से 2500 तक पहुंच गया, लेकिन अब तो बिल 4200 रुपये आ गया है। वह यहां अधिशासी अभियंता के पास अपनी शिकायत लेकर आए थे।
बिल में सुधार किए जाने का आश्वासन
बताया कि बिजली के बिल में 31312 रीडिंग है, जबकि मीटर में 31018 यूनिट रीडिंग है। इस लिहाज से 1800 रुपये के आसपास बिल आना चाहिए था। ऐसे में बिजली के बिल और मीटर में मौजूद रीडिंग में अंतर है। ऐसे कई और लोग थे, जिनकी यही शिकायत थी। बिलिंग देखने पर पता चला कि मीटर की रीडिंग में दर्ज यूनिट और मीटर पर दिखाई जा रही यूनिट में अंतर है। अधिकारियों ने इन सभी को जांच कराकर बिल में सुधार किए जाने का आश्वासन दिया है।
रीडिंग का मिलान करने पर सामने आ रही गड़बड़ी
उपभोक्ताओं के मुताबिक बिजली बिल में दर्ज रीडिंग का घर में लगे मीटर से मिलान करना जरूरी हो गया है। उन्हें आशंका है कि मीटर रीडिंग लेने में लापरवाही हो रही है या बिल तैयार करने की प्रक्रिया में गड़बड़ी है।
बोले लोग
मीटर में दर्ज रीडिंग व बिल में भेजी गई रीडिंग के यूनिट में अंतर है। इससे बिजली का बिल दोगुना हो गया है।
- विवेक श्रीवास्तव।
बिजली के बिल में रीडिंग 28543 है, जबकि मीटर में 28133 है। इससे बिजली का बिल 2400 रुपये बढ़ गया है।
- गौरव अग्रवाल।
बिजली का बिल अक्टूबर में 1750 रुपये का आया था, इस बार 236 यूनिट बढ़ाकर बिल भेज दिया गया है।
- मीना।
रीडरों को सही तरीके से बिलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन उपभोक्ताओं को लगता है कि उनकी बिलिंग गलत है, जांच कराकर सुधार कराया जाता है। उपभोक्ताओं की शिकायत को प्राथमिकता के तहत निस्तारित करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए गए हैं।
- राजेश कुमार, मुख्य अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।