कुंडा की राम कथा में सियासी हलचल, योगी को PM व कुंडा विधायक राजा भैया को CM बनाने की अपील वाले पोस्टर-बैनर की भरमार
कुंडा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा ने राजनीतिक गरमाहट बढ़ा दी है। इस दौरान योगी आदित्यनाथ को पीएम और राजा भैया को सीएम बनाने वाले पोस्टर चर्चा में हैं।

कुंडा की राम कथा में सियासी हलचल, योगी को पीएम व राजा भैया को सीएम बनने की मंशा को लेकर पोस्टर लिए लोगा।
HighLights
बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी गरमाहट
राम कथा के आयोजक पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के समर्थकों का उत्साह बुलंदी पर है
जागरण संवाददाता, प्रतापगढ़। कुंडा के बेंती में आयोजित बागेश्वर पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी गरमाहट है। कथा के दौरान जहां बाहुबली राजनेताओं, संतों, महंतों का संगम हो रहा है, वहीं पोस्टर वार भी चला। राम कथा के आयोजक पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के समर्थकों का उत्साह बुलंदी पर छाया रहा।
ऐसे पोस्टर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे
अब भी उनके समर्थक जोश में हैं। कई लोगों के हाथों में ऐसे पोस्टर भी रहे, जिसमें रघुराज प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ को भारत का प्रधानमंत्री बनाए जाने तक की इच्छा और मांग शामिल रही। ऐसे पोस्टर इंटरनेट मीडिया पर काफी प्रसारित हो रहे हैं और उनकी तरह-तरह से लोग व्याख्या और चर्चा कर रहे हैं। यह पोस्टर एआई की मदद से समर्थकों द्वारा बनाए गए हैं।
रामकथा के जरिए राजनीतिक संदेश भी देने का प्रयास
यानी रामकथा के जरिए राजनीतिक संदेश भी देने का पूरा प्रयास है। भारी भीड़ को देखकर योगी आदित्यनाथ व राजा भैया के समर्थकों ने अपनी मांग भी कर डाली। हिंदुत्व के एजेंडे पर यह आयोजन पूरी तरह खरा उतरता दिख रहा है। पूरी कथा में हिंदुत्व व सनातन की ही जयकार हुई। उसे मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया गया। मुस्लिम तुष्टीकरण को करारा जवाब व चुनौती दी गई। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने पर भी जोर दिया गया।