Prayagraj : आरपीएफ रामबाग पोस्ट के लॉकअप से सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर शातिर चोर फरार, सुरक्षा पर उठे सवाल
प्रयागराज के रामबाग आरपीएफ पोस्ट से रेलवे संपत्ति चोरी के आरोप में बंद एक शातिर चोर सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर ...और पढ़ें

प्रयागराज में रामबाग आरपीएफ पोस्ट से फरार चोर मोनू।
HighLights
रेलवे के लोहे की सुरक्षा जालियां काटकर बेचना था, छापेमारी की जा रही
प्रयागराज के झूंसी से पकड़ा गया चोर रामबाग आरपीएफ पोस्ट के हवाले था
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी के रामबाग स्थित रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट पर मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हवालात में बंद एक शातिर चोर पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर रफूचक्कर हो गया। रेलवे की संपत्ति चुराने के आरोप में पकड़े गए अभियुक्त के इस तरह फिल्मी अंदाज में भागने से आरपीएफ की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
झूंसी निवासी मोनू हुआ फरार
आरपीएफ रामबाग की टीम ने सोमवार की देर शाम मुखबिर की सटीक सूचना पर झूंसी इलाके से मोनू (पुत्र फूलचंद, निवासी झूंसी, प्रयागराज) को गिरफ्तार किया था। मोनू पर रेलवे की लोहे की सुरक्षा जालियां काटकर चोरी-छिपे बेचने का आरोप है। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 3/26, धारा तीन रेलवे संपत्ति एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे रामबाग आरपीएफ पोस्ट के हवालात में रखा गया था।
शौचालय ले जाया गया था, वहां से फरार
मंगलवार सुबह मोनू ने संतरी से शौच जाने की बात कही। सुरक्षाकर्मी जब उसे शौचालय ले गए, तभी वह मौका पाकर सुरक्षा घेरे को धता बताते हुए वहां से भाग निकला। अभियुक्त के फरार होते ही पोस्ट पर तैनात कर्मियों के होश उड़ गए और आनन-फानन पूरे रेलवे परिसर में उसकी तलाश शुरू की गई।
मोबाइल न होने से सर्विलांस टीम को लोकेशन नहीं मिली
फरार मोनू के पास मोबाइल फोन न होने के कारण सर्विलांस टीम को उसकी लोकेशन ट्रैक करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरपीएफ प्रभारी इंस्पेक्टर डीएस यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।
