बहुप्रतीक्षित गंगा पर सिक्स लेन पुल निर्माण में फिर सुस्ती, प्रयागराज के DM ने कार्यदायी संस्था पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी
प्रयागराज में सिक्स लेन पुल निर्माण में हो रही देरी पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 10 दिसंबर तक एक लेन चालू करने का अल्टीमेटम दिया है, अन्यथा एफआईआर की चेतावनी दी है।

प्रयागराज में गंगा पर सिक्स लेन पुल का निरीक्षण करते डीएम मनीष कुमार वर्मा, मेलाधिकारी ऋषिराज और नगर आयुक्त साईं तेजा । सौ. सूचना विभाग
HighLights
कार्य में विलंब देख डीएम नाखुश, 10 दिसंबर तक एक लेन चालू करने दिया अल्टीमेटम
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 30 नवंबर तक आवागमन शुरू करने के दिए थे निर्देश
फरवरी 2024 में निर्माण पूरा करने की समय सीमा निर्धारित थी, 6 बार बढ़ाई गई समय सीमा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। छह लेन पुल निर्माण की समय सीमा बार-बार बढ़ने के बावजूद कार्यदायी संस्था की सुस्ती दूर नहीं हो रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने दो नवंबर को पुल का निरीक्षण किया था। उस समय एक लेन 25 से 30 नवंबर और दूसरी लेन से 25 दिसंबर तक आवागमन शुरू कराने का निर्देश दिया था। हालांकि समय बीतने के साथ कार्य में तेजी नहीं दिख रही है। अब एक बार फिर निर्धारित तिथि चूकने की आशंका के बीच माघ मेला का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
10 दिसंबर तक पुल की एक लेन निर्माण पूरा हो : डीएम
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को सिक्स लेन पुल के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को 10 दिसंबर तक पुल की एक लेन का निर्माण हर हाल में पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
नंबर गेम
16 फरवरी 2021 में शुरू हुआ पुल का निर्माण
06 बार पुल निर्माण की बढ़ाई जा चुकी है समय सीमा
1947 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण
9.800 किलोमीटर है पुल की लंबाई
67 पिलर पुल के लिए बनाया गया है।
निर्माण में तेजी का निर्देश दिया
जिलाधिकारी ने मेलाधिकारी व पीडीए उपाध्यक्ष ऋषि राज और नगर आयुक्त शीलम साईं तेजा के साथ पुल निर्माण की प्रगति देखी। लगगभग एक घंटे तक पुल निर्माण की प्रगति को देखा। अपेक्षा के अनुरूप काम न मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा
डीएम ने स्पष्ट किया कि माघ मेला से पहले एक लेन पर आवागमन शुरू कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुल पर आवागमन शुरू होने से पहले सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए प्रतिदिन निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। इससे काम की नियमित निगरानी होगी और देरी की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।
कन्वेंशन सेंटर का भी किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने विज्ञान संकाय परिसर के बगल में निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर (कल्चरल काम्प्लेक्स) का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माण की स्थिति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को 10 दिसंबर तक सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के साथ गुणवत्ता और मानकों का भी ध्यान रखा जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।