प्रयागराज संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं के वाहनों से नहीं होगी मनमानी वसूली, निर्धारित होगा पार्किंग शुल्क और स्थल
प्रयागराज मेला प्राधिकरण संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग शुल्क और स्थल निर्धारित करेगा, जिससे वाहनों की मनमानी वसूली ...और पढ़ें

प्रयागराज संगम क्षेत्र में किला के निकट श्रद्धालु। जागरण आर्काइव
HighLights
संगम, बांध स्थित लेटे हनुमान मंदिर कॉरिडोर के पास समग्र विकास का खींचा गया खाका
शासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को उठाए कदम, प्रयागराज मेला प्राधिकरण करेगा व्यवस्था
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से संगम क्षेत्र में समग्र विकास का खाका खींचा गया है। आने वाले समय में सुविधाओं से लैस पार्किंग सहित अन्य सहूलियतें श्रद्धालुओं को मिलेगी। वाहनों के शुल्क की मनमानी व अवैध वसूली पर अंकुश लगेगा।
सरकार ने उठाए महत्वपूर्ण कदम
संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं को वर्ष पर्यंत बेहतर सुविधाओं दिए जाने के लिए सरकार की ओर से महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। पवित्र त्रिवेणी की धारा में फ्लोटिंग जेटी पर गंगा आरती का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुभारंभ कराने के बाद अब प्रयागराज मेला प्राधिकरण यहां समग्र विकास कराने जा रहा है।
मेला प्राधिकरण करेगा व्यवस्था
संगम नोज, बड़े हनुमान मंदिर कारिडोर व अक्षयवट कारिडोर के पास सौंदर्यीकरण सहित दूसरे कार्य कराए जाएंगे। सबसे महत्वपूर्ण कार्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों से की जाने वाली मनमानी वसूली पर अंकुश लगाने का होगा। मेला प्राधिकरण की ओर से इसके लिए कवायद की गई है।
मनमानी वसूली होती है
दरअसल, मेला क्षेत्र में माघ मेला व कुंभ के अलावा लगभग 10 माह तक वाहनों के पार्किंग का टेंडर नहीं होता। कुछ लोग मनमाने तरीके से पैसा वसूले हैं। अब मेला प्राधिकरण और परिषद द्वारा पार्किंग का स्थल निर्धारित किया जाएगा। पार्किंग शुल्क भी निर्धारित होगा, जिसके रेट बोर्ड भी लगाए जाएंगे। संगम में हर रोज करीब 40 से 50 हजार श्रद्धालु आते हैं। इनमें से तमाम यहीं पर भोजन भी पकाते हैं।
क्या बोले मेलाधिकारी?
इनके लिए भी प्राधिकरण स्थल निर्धारित करने जा रहा है। इन स्थलों पर बिजली-पानी के साथ ही बर्तन आदि के प्रबंध किए जाएंगे। समग्र विकास योजना के तहत संगम क्षेत्र एवं हनुमान मंदिर के आसपास पौधारोपण, वृक्षों के नीचे बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था, आकर्षक प्रकाश एवं पेंटिंग कार्य के कार्य कराए जाएंगे। मेलाधिकारी ऋषि राज का कहना है कि इस योजना पर विभागीय प्रक्रिया चल रही है। जल्द इसे धरातल पर उतारा जाएगा।
