नीले ड्रमों में गड़े खजाने का छिपा राज: राजेश को IT की नोटिस, चल-अचल संपत्ति का देना होगा हिसाब
प्रयागराज में राजेश यादव को आयकर विभाग ने नोटिस जारी किया है, जिसमें उनसे जमीन में गड़े करोड़ों रुपये और ...और पढ़ें

प्रयागराज में नीले ड्रमों से मिली करोड़ों की नकदी पर राजेश यादव को आयकर विभाग ने नोटिस भेजा है।
HighLights
एक माह के भीतर विभाग में होना होगा उपस्थित, आयकर विभाग करेगा पूछताछ
संपत्तियों का ब्योरा न देने पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का दर्ज होगा केस
प्रयागराज के नवाबगंज इलाके में राजेश के घर से करोड़ों की नकदी बरामद हुई थी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में राजेश यादव उर्फ बबलू के घर में करोड़ों रुपये नकद, आभूषण मिलने के साथ ही वाहन, अकूत जमीन खरीदने के मामले में आयकर विभाग का शिकंजा कसता जा रहा है। विभाग के अधिकारियों ने उसे नोटिस जारी किया है। इसमें चल-अचल संपत्तियों का हिसाब मांगा गया है।
संपत्ति का ब्योरा न देने पर केस दर्ज होगा
सूत्रों के मुताबिक इसके लिए एक माह का समय दिया गया है। निर्धारित समय के भीतर राजेश यादव को आयकर विभाग के अधिकारियों के सामने उपस्थित होकर संपत्तियों से जुड़ा पूरा ब्योरा देना होगा। अगर वह इसमें सफल नहीं हो सका तो उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में आयकर विभाग के अधिकारी कुछ नहीं बोल रहे हैं।
दोनों भाइयों में हुईथी तकरार
बरईपुर रामनगर निवासी राजेश यादव उर्फ बबलू के घर से पिछले दिनों नवाबगंज पुलिस ने जमीन में गड़े तीन ड्रम में भरे रुपये बरामद किए थे। इसका पता पुलिस को तब चला था जब राजेश ने अपने छोटे भाई राकेश यादव उर्फ महाकाल को तमाचा मार दिया था। राजेश लग्जरी वाहन थार खरीदने जा रहा था और महाकाल ने इसका विरोध किया था।
पुलिस को ऐसे हुई गड़े रुपये की जानकारी
इससे आक्रोशित होकर वह नवाबगंज थाने पहुंच गया था और पुलिस को जमीन में गड़े रुपये के बारे में जानकारी दी थी। दूसरे दिन यहां आयकर विभाग की टीम पहुंची और पूरे मामले को अपने हाथ में ले लिया था। 30 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे से आयकर विभाग ने अपनी निगरानी में राजेश यादव के घर में खोदाई शुरू कराई जो 31 अक्टूबर देर रात तीन बजे तक चली थी।
तीन ड्रम से मिले नोटों की गिनती हुई
इसी बीच तीन ड्रम से मिले नोटों की गिनती की गई तो वह तीन करोड़ 20 लाख 93 हजार रुपये थे। सूत्रों की मानें तो राजेश यादव के घर से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण मिले हैं, जिसकी कीमत कई करोड़ है। आयकर विभाग की टीम को यहां भी काफी दस्तावेज भी मिले, जो जमीनों की खरीद से संबंधित रहे। इसके अलावा बैंक की कई पासबुक, एलआइसी, म्यूचुअल फंड, शेयर में भी निवेश से संबंधित दस्तावेज हाथ लगे।
संपत्ति कहां से अर्जित किया है?
सूत्राें की मानें तो आयकर विभाग के अधिकारियों ने अब राजेश यादव को नोटिस जारी किया है। इसमें उससे पूछा गया कि जो चल-अचल संपत्ति मिली है, उसे उसने कहां से अर्जित किया है? उसकी कमाई का स्त्रोत क्या है? क्या वह इनकम टैक्स जमा करता था? ऐसे ही कई बिंदुओं की जानकारी उससे मांगी गई है।
दस्तावेजों की आयकर विभाग गोपनीय जांच कर रहा
एक माह के भीतर चल-अचल संपत्ति से संबंधित सभी का उपस्थित होकर दस्तावेजों के साथ हिसाब देने को कहा गया है। सूत्रों का कहना है कि एक तरफ राजेश यादव को नोटिस जारी किया गया है तो दूसरी ओर आयकर विभाग की टीम गोपनीय तरीके से उन दस्तावेजों को खंगालने में लगी हैं, जो राजेश के घर से मिले हैं।
दो करीबी रिश्तेदार आयकर विभाग के रडार पर
आयकर विभाग ने वैसे तो राजेश यादव समेत 19 को सूचीबद्ध किया है, लेकिन इसमें उसके दो बेहद करीबी रिश्तेदार ऐसे हैं, जो आयकर विभाग के रडार पर हैं। सूत्रों की मानें तो इन दोनों रिश्तेदारों ने कम समय में अकूत संपत्तियां एकत्र की हैं। जमीन से लेकर लग्जरी वाहन तक खरीदे हैं। इनके बारे में गोपनीय तरीके से आयकर विभाग के अधिकारी सब कुछ पता लगा रहे हैं। वर्ष 2021 से पहले इनकी स्थिति क्या थी और अब क्या है, सब कुछ अधिकारियों की डायरी में नोट हो रहा है। सूत्रों बताते हैं कि जल्द ही इन दोनों पर भी आयकर विभाग का शिकंजा कसेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।