प्रयागराज में दो दिनों से हो रही बारिश से मौसम सुहावना, 24 घंटे में 50 मिमी बरसा पानी; तापमान में गिरावट
प्रयागराज में दो दिनों से हो रही बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, जिससे तापमान में गिरावट आई ...और पढ़ें

प्रयागराज के चौक इलाके में बारिश के बीच छाता लगाकर जाते स्कूटी सवार। जागरण
HighLights
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक छादल छाए रहेंगे, होगी बारिश
विदाई की बेला में भी संगम नगरी और आसपास के जिलों में मानसून सक्रिय
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विदाई की बेला में मानसून एक बार फिर प्रयागराज पर मेहरबान नजर आ रहा है। आमतौर पर मानसून की विदाई के साथ बारिश का दौर कमजोर पड़ने लगता है, लेकिन इस बार विदाई से पहले बादलों ने प्रयागराज को अच्छी तरह भिगोया है। गुरुवार सुबह से आसमान में छाए बादलों ने शुक्रवार को भी डेरा डाल रखा है।
रुक-रुककर हो रही बारिश
लगातार हो रही रिमझिम बारिश से शहर का मौसम सुहाना हो गया है। बीते 24 घंटे में प्रयागराज में करीब 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश की रफ्तार भले ही तेज नहीं रही, लेकिन फुहारों के बीच लगातार होती बूंदाबांदी ने जनजीवन को प्रभावित किया। गुरुवार सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रुक-रुककर शुक्रवार को भी जारी रहा।
मौसम सुहावना, तापमान गिरा
शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं मौसम में ठंडक घुल गई। शहर के कई इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही।
बाजार में आवाजाही कम
बारिश तेज नहीं होने के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव की स्थिति नहीं बनी, लेकिन लगातार बूंदाबांदी से सड़कें गीली रहीं और यातायात की रफ्तार प्रभावित हुई। बारिश के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी।
कल भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रयागराज में बारिश का क्रम बना रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ समय तक बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मानसून की विदाई के समय हुई इस बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। पिछले दिनों गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है।
किसानों के लिए बारिश उपयोगी
किसानों के लिए भी यह बारिश कई मायनों में उपयोगी साबित हो सकती है। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार तक बना रहा और 24 घंटे में 50 मिलीमीटर पानी रिकार्ड किया गया। शनिवार को भी बारिश की संभावना के बीच लोगों की नजर अब मौसम के अगले बदलाव पर टिकी है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज नगर निगम अधिकारी-कर्मियों को मिलेंगे नए 2BHK फ्लैट, 5 करोड़ की लागत से बनेगा आवासीय परिसर
यह भी पढ़ें- प्रयागराज-लखनऊ व अयोध्या हाईवे चोक, फाफामऊ गंगापुल पर डंपर खराब होने से भीषण जाम में फंसे सैकड़ों वाहन
यह भी पढ़ें- प्रयागराज के सिविल लाइंस में जाम और पार्किंग समस्या खत्म होगी, सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा
