प्रयागराज के सिविल लाइंस में जाम और पार्किंग समस्या खत्म होगी, सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा
प्रयागराज के सिविल लाइंस में जाम और पार्किंग की समस्या को खत्म करने के लिए पीडीए और नगर निगम ने ...और पढ़ें

प्रयागराज के सिविल लाइंस में जाम और पार्किंग से मिलेगी निजात। जागरण आर्काइव
HighLights
मल्टीलेवल पार्किंग की खामियां दूर होंगी, व्यापारियों को पार्किंग शुल्क में मिलेगी छूट
पीडीए और नगर निगम के अधिकारियों ने व्यापारियों संग बैठक कर कार्ययोजना बनाई
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के सिविल लाइंस में जाम और पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) और नगर निगम ने व्यापारियों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार की है। 23 सितंबर को पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज और नगर आयुक्त साईं तेजा की अध्यक्षता में सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें महात्मा गांधी मार्ग और सरदार पटेल मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर मंथन किया गया।
पहले चरण में एमजी मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
बैठक में तय हुआ कि पहले चरण में एमजी मार्ग की सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके बाद दोनों तरफ दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग स्थल के बेहतर उपयोग के लिए पेड पार्किंग शुरू होगी। एजेंसी की जिम्मेदारी होगी कि पार्किंग की पूरी क्षमता का उपयोग हो और वहां दोबारा अतिक्रमण न होने पाए।
मल्टीलेवल पार्किंग की अव्यवस्थाओं को दूर होगी
व्यापारियों ने कुछ मार्गों को एकल दिशा (वन-वे) करने का प्रस्ताव भी दिया। मल्टीलेवल पार्किंग की अव्यवस्थाओं को दूर करने पर भी सहमति बनी। यहां साइनेज लगाने, संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने, रैंप दुरुस्त करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के साथ बंद पड़े टॉयलेट और लिफ्ट को चालू कराया जाएगा। इससे पार्किंग का समुचित उपयोग बढ़ाने की उम्मीद है।
व्यापारियों को पार्किंग शुल्क में छूट मिलेगी
बैठक में व्यापारियों को पार्किंग शुल्क में काफी छूट देने पर भी सहमति बनी। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील खरबंदा, महामंत्री शिव शंकर सिंह समेत आशीष अरोड़ा, रितेश सिंह, संजीव अग्रवाल, शेख डाबर, वकील मेघराज यादव, अनिल सुनेजा, राजकमल जायसवाल, संदीप कटयाल, सरदार हरजिंदर सिंह, अवंतिका टंडन और विजय आडवानी मौजूद रहे।
