विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशी नस्ल की बिल्लियां बनीं नया स्टेटस सिंबल, डॉगी की जगह बढ़ी मांग; 15 हजार से एक लाख तक कीमत

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 24 Sep 2026 03:00 PM (IST)

प्रयागराज में विदेशी नस्ल की बिल्लियां अब नया स्टेटस सिंबल बन रही हैं, जो कुत्तों की जगह ले रही हैं। ...और पढ़ें

प्रयागराज में लीडर रोड निवासी सतीश परिवार व पालतू बिल्ली बेबो व सुलेमसराय की मेघना सिंह संग सोफे पर बैठी विदेशी नस्ल की बिल्ली फ्रास्टी।

प्रयागराज में लीडर रोड निवासी सतीश परिवार व पालतू बिल्ली बेबो व सुलेमसराय की मेघना सिंह संग सोफे पर बैठी विदेशी नस्ल की बिल्ली फ्रास्टी।

HighLights

  1. विशेषज्ञ जीवन शैली और रहन-सहन में आए बदलाव को मान रहे इस परिवर्तन की वजह

  2. प्रयागराज के लोग तेजी से बढ़ रहा बिल्लियों को पाल रहे, कुत्ते की तुलना में खर्च भी आधा

सूर्य प्रकाश तिवारी, प्रयागराज। कभी विदेशी नस्ल के डागी पालना रुतबे और स्टेटस सिंबल से जुड़ा हुआ था। नस्ल जितनी महंगी, शौक उतना बड़ा माना जाता था। अब पालतू जानवरों के शौक का ट्रेंड बदल रहा है।

बिल्ली पालन का क्यों बढ़ा क्रेज?

विदेशी नस्ल के कुत्तों के साथ विदेशी नस्ल की महंगी बिल्लियों की मांग तेजी से बढ़ी है। पर्शियन, साइनीज, हिमालयन, रशियन ब्लू, ब्रिटिश शार्ट हेयर और अमेरिकन शार्ट हेयर जैसी नस्लें लोगों की पसंद बन रही हैं। विशेषज्ञ इसके कई कारण बता रहे हैं, जिनमें एक वजह बदली जीवनशैली और रहन-सहन भी मानी जा रही है।

प्रयागराज में कितने कुत्ते व कितनी बिल्ली?

राजकीय पशु अस्पतालों तथा नगर निगम के मुताबिक शहर में विदेशी नस्ल के करीब आठ हजार कुत्ते हैं। वहीं, विदेशी नस्ल की बिल्लियों की संख्या भी करीब छह हजार तक पहुंच गई है। इनकी कीमत नस्ल और गुणवत्ता के आधार पर करीब 15 हजार से एक लाख रुपये तक है।

कुत्ते की अपेक्षा कम खर्च

पेट क्लीनिक संचालक डॉ. एके सिंह कहते हैं कुत्तों की अपेक्षा बिल्लियों की देखभाल न केवल कम खर्चीली है, बल्कि आसान भी है। विदेशी नस्ल के कुत्तों पर जहां पांच से 10 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च होते हैं, जबकि बिल्लियों का खर्च महज चार से पांच हजार रुपये ही आता है। इन्हें ज्यादा जगह की जरूरत नहीं पड़ती। यह घर में ही रहकर खुश रहती हैं।

खास-खास

विदेशी नस्ल के कुत्ते - आठ हजार
विदेशी नस्ल की बिल्लियां - छह हजार
कुत्तों का प्रतिमाह खर्च - पांच से 10 हजार रुपये
बिल्लियां का खर्च - चार से पांच हजार रुपये
बिल्लियों की कीमत - 10 हजार से एक लाख

बिल्लियों का जन्मदिन भी मनाते हैं

कुत्तों को घर में रहने के लिए ज्यादा जगह चाहिए। सुबह-शाम कई किमी की सैर भी करानी पड़ती है। इस तरह बिल्लियां समय और पैसा दोनों बचा रहीं हैं। लोग बड़े शौक से इन्हें अपने घर ला रहे हैं। इन्हें अपने परिवार का हिस्सा बिना रहे हैं। तरह-तरह के आकर्षक नाम रख रहे हैं। कई पशुपालक ऐसे भी हैं, जो अपनी बिल्लियों का जन्मदिन भी मनाते हैं। 

यहां होती है ब्रीडिंग

विदेशी नस्ल की बिल्लियों की ब्रीडिंग देश के कई बड़े शहरों में होती है। इनमें कोलकाता, बेंगलूरु, हैदराबाद और पंजाब सबसे प्रमुख हैं। लोगों की डिमांड पर ब्रीडर उनकी पसंद की बिल्ली प्रयागराज सहित दूसरे शहरों तक पहुंचा देते हैं।

विदेशी बिल्लियों की कीमत

पर्शियन कैट - 15 हजार से 18 हजार
हिमालयन कैट - 10 हजार से 15 हजार
साइनीज कैट - 20 हजार से 30 हजार
रसियन ब्लू कैट - 50 हजार से 60 हजार
ब्रिटिश शार्ट हेयर - 60 हजार से एक लाख
अमेरिकन शार्ट हेयर - 60 हजार से एक लाख

यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा फैसला: खाली पदों पर रिटायर्ड कर्मियों की संविदा बहाली योजना 2 साल के लिए बढ़ी, आदेश जारी

यह भी पढ़ें- Prayagraj Weather : विदाई से पहले प्रयागराज, प्रतापगढ़ में बादलों ने डाला डेरा, अगले तीन-चार दिन और होगी बारिश