प्रयागराज-लखनऊ व अयोध्या हाईवे चोक, फाफामऊ गंगापुल पर डंपर खराब होने से भीषण जाम में फंसे सैकड़ों वाहन
फाफामऊ गंगापुल पर डंपर खराब होने से प्रयागराज-लखनऊ और अयोध्या हाईवे पर भीषण जाम लग गया। बारिश के बीच घंटों फंसे रहे वाहनों और यात्रियों को भारी परेशानी हुई।
HighLights
शहर के लोक सेवा आयोग चौराहे से फाफामऊ पुल की ओर जाने वाले वाहनों को रोका गया
शुक्रवार भोर से वाहन न गंगापार जा रहे न आ पा रहे, झमाझम बारिश में जाम ने बढ़ाई परेशानी
संसू, फाफामऊ (प्रयागराज)। कल से लगातार हो रही बारिश से संगम नगरी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी में लखनऊ और अयोध्या हाईवे को प्रयागराज से जोड़ने वाले फाफामऊ गंगापुल पर शुक्रवार सुबह से भीषण जाम लग गया। आलम यह हो गया कि घंटों न कोई वाहन इस पुल से गंगापार जा सका और न ही कोई आ सका। इसका असर यह रहा कि वाहनों का लंबा जाम लग गया।
जाम लगने का कारण
फाफामऊ गंगापुल पर शुक्रवार भोर में शहर की ओर जा रहा डंपर अचानक खराब हो गया। डंपर का पिछला भाग सड़क पर बैठ गया। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते भीषण जाम की स्थिति बन गई। जाम में फंसे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाइक सवार जाम में फंसकर लगातार हो रही बारिश में भीगते रहे। यह स्थिति कई घंटे रही।

रेंगते रहे वाहन
गंगापुल पर वाहन खराब होने व जाम की सूचना पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर संतोष कुमार यादव सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और पुल पर खराब डंपर को किसी तरीके से हटाने में जुटे रहे। डंपर में गिट्टी लदी0 होने की वजह से उसे हटाने में परेशानी हो रही थी। उधर दो पहिया वाहन रेंगते हुए किसी तरह आगे बढ़ते रहे।

तेलियरगंज से शांतिपुरम तक जाम
इस दौरान पुल चोक हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तेलियरगंज से लेकर शांतिपुरम चौराहे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंस कर स्कूली वाहन, एम्बुलेंस नौकरी पेशा से जुड़े लोग परेशान रहे। बहुत से लोग सवारी वाहनों से नीचे उतरकर पैदल ही अपने गंतव्य स्थान के लिए बारिश में भीगते रवाना हुए। जाम में फंसे लोग शहर की ओर न जाकर किसी तरीके से बाहर निकल अपने घर की ओर चल दिए। जाम की स्थिति यह रही की बारिश के चलते खराब डंपर को हटाने में परेशानी हो रही है।
वाहनों को शास्त्री पुल डायवर्ट किया गया
इधर जब वाहनों का जाम बढ़ने लगा तो शहर के लोक सेवा आयोग के पास से ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। गंगापार जाने वाले वाहनों को सोहबतियाबाग होते हुए झूंसी के शास्त्री पुल से गंतव्य को रवाना किया गया। इससे इस रूट पर भी वाहनों की जाम जैसी स्थित रही।
