जाड़े की छुट्टियों में बाहर घूमने का प्लान बना रहे, रिजर्वेशन से पहले यहां चेक करें ट्रेनों का स्टेटस; रेलवे ने कई रद कर दी
रेलवे ने कोहरे की आशंका के चलते दिसंबर से फरवरी 2027 तक कई ट्रेनों को रद और कई के फेरे ...और पढ़ें

रेलवे ने अभी से जाड़े में रद होने वाली ट्रेनों की पहली सूची जारी कर दी है।
HighLights
भारतीय रेलवे ने जारी किया ठंड में रद रहने वाली ट्रेनों की पहली सूची, यात्रा से पहले यात्री जरूर चेक करें
NCR ने दिसंबर से फरवरी तक के लिए ट्रेनों को निरस्त व उनके फेरे घटाने का फरमान जारी किया
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अभी आसमान साफ है, धूप खिली है और सर्दियों की सिहरन तक का अहसास नहीं है, लेकिन भारतीय रेल के महकमे में कुहासे का खौफ महीनों पहले ही पसर गया है। साल भर आधुनिक सिग्नलिंग, 'कवच' सुरक्षा तंत्र और उन्नत 'फाग सेफ' उपकरणों का ढिंढोरा पीटने वाला तंत्र मौसम की पहली धुंध उतरने से पहले ही बैकफुट पर आ खड़ा हुआ है।
एनसीआर जाड़े में कई ट्रेनों का घटाएगा फेरा
सुरक्षित और निर्बाध सफर का भरोसा देने वाली तकनीक की असल परीक्षा जब ठंड में होनी थी, तब समाधान निकालने के बजाय पटरियों से गाड़ियों को हटाने का आसान रास्ता चुन लिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने दिसंबर से लेकर फरवरी के अंत तक के लिए ट्रेनों को निरस्त करने और उनके फेरे घटाने का फरमान जारी कर दिया है।
यात्रियों की बढ़ेंगी परेशानियां
इससे त्योहारों और शादियों के मौसम में आम मुसाफिरों की दुश्वारियां बढ़ना तय है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले की सबसे बड़ी मार बिहार, दिल्ली, मध्य प्रदेश और पंजाब की ओर सफर करने वाले दैनिक व मध्यमवर्गीय यात्रियों पर पड़ेगी।
ये दो ट्रेनें दिसंबर से फरवरी तक रद रहेंगी
प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को दो दिसंबर से 24 फरवरी 2027 तक और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस को दिसंबर की शुरुआत से फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह तक रद रहेगी।
इन ट्रेनों के घटाए गए फेरे
जिन ट्रेनों के फेरे घटाए गए हैं उनमें कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक दिसंबर से 27 फरवरी 2027 के बीच प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को नहीं दौड़ेगी। 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस तीन दिसंबर से 25 फरवरी तक हर सोमवार व गुरुवार को निरस्त रहेगी। वापसी में 11124 बरौनी-ग्वालियर चार दिसंबर से 26 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को नहीं चलेगी।
इन ट्रेनों में भी सफर से पहले स्टेटस
वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ इंटरसिटी पांच दिसंबर से 28 फरवरी तक सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को पटरी पर नहीं उतरेगी। आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन पांच दिसंबर से 28 फरवरी तक शनिवार और रविवार को बंद रहेगी। आगरा कैंट-होशियारपुर दरो 2 दिसंबर से 26 फरवरी तक सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को रद रहेगी। वापसी में 11906 होशियारपुर-आगरा कैंट तीन दिसंबर से 27 फरवरी तक मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को नहीं चलेगी। हावड़ा-मथुरा एक्सप्रेस चार दिसंबर से 26 फरवरी तक आगरा कैंट पर ही यात्रा समाप्त करेगी।
मथुरा-हावड़ा आगरा कैंट से चलेगी
वहीं गाड़ी संख्या 12178 मथुरा-हावड़ा सात दिसंबर से 22 फरवरी तक मथुरा के बजाय आगरा कैंट से अपनी यात्रा शुरू करेगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने इन बदलावों की पुष्टि की है।
