दीवाली पर सख्त निर्देश: सड़क पर पटाखा फोड़ने से रुका यातायात तो पुलिस करेगी कार्रवाई, डीजे-लाउडस्पीकर वालों पर भी नजर
प्रयागराज पुलिस कमिश्नर ने दीवाली पर सख्त निर्देश जारी किए हैं, जिसमें सड़क पर पटाखा फोड़कर यातायात बाधित करने और ...और पढ़ें

प्रयागराज के पुलिस लाइन में मीटिंग करते पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया। साभार पुलिस
HighLights
डीजे, लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित डेसीबेल से अधिक न हो
त्योहार को लेकर प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर ने मातहतों को निर्देश
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दीवाली पर बीच सड़क पर पटाखा फोड़ने से अगर यातायात रुकता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीजे और लाउडस्पीकर बजाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि निर्धारित डेसीबेल से अधिक आवाज न हो। पटाखा दुकानों, भंडारण स्थलों की जांच करते हुए पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
अधिकारियों संग बैठक में सख्त निर्देश दिए
सोमवार यानी दो नवंबर की रात में प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर (CP) पीयूष मोर्डिया ने दीवाली, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचना के निस्तारण, यातायात व्यवस्था समेत कई बिंदुओं पर अधीनस्थ अधिकारियों संग बैठक करके आवश्यक निर्देश दिए। इसके शत-प्रतिशत पालन करने को कहा।
कानून-व्यवस्था, सुरक्षा को लेकर पेच कसे
मुख्यमंत्री की ऑनलाइन समीक्षा बैठक से पहले पुलिस कमिश्नर ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा समेत कई विषयों पर अधीनस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों के पेच कसे। उन्होंने जन सुनवाई में फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारित करने, आईजीआरएस में जन शिकायतों के निस्तारण, घटनाओं पर पुलिस रिस्पांस और प्रभावी नियंत्रण का निर्देश दिया।
साइबर अपराध की रोकथाम पर भी निर्देश
इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने, ई-साक्ष्य एवं ई-समन प्रणाली के क्रियान्वयन, साइबर अपराध की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, थाना प्रबंधन और कार्यप्रणाली में सुधार पर विशेष जोर दिया। मीटिंग में एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा, विजय धुल, डीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी समेत अन्य शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
यह दिए गए निर्देश
- थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले फरियादियों की समस्या को पूरी गंभीरता से सुनकर समाधान किया जाए।
- आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की औपचारिकता अथवा लापरवाही न बरती जाए।
- 60 एवं 90 दिवस की समय-सीमा से संबंधित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण हो।
- विवेचनाओं में डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, रिकार्डिंग हेतु ई-साक्ष्य प्रणाली का प्रभावी उपयोग हो।
- सभी थानों पर स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के कार्यों को प्रभावी एवं सक्रिय बनाए रखना जरूरी।
- बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात अवरोध उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई हो।
- पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई को हरहाल में प्राथमिकता दी जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।