UPSRTC का रक्षाबंधन पर 37 महिलाओं को तोहफा, प्रयागराज परिक्षेत्र में संविदा परिचालकों को मिला नियुक्ति पत्र
प्रयागराज परिक्षेत्र में उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम ने 37 महिला परिचालकों की भर्ती का परिणाम जारी किया है। चयनित महिलाओं को संविदा पर नियुक्ति पत्र ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की ओर से प्रयागराज परिक्षेत्र में महिला परिचालक भर्ती का रिजल्ट जारी हो गया है। पहले चरण में चयनित 37 महिलाओं की सूची जारी की है। महिलाओं को संविदा परिचालक के रूप में नियुक्ति पत्र मंगलवार को दिए गए। उसे पाकर प्रफुल्लित हो गईं। सबने समर्पित भाव से काम करने का संकल्प लिया।
जीरो रोड डिपो में तैनात हुई रामा यादव व बबिता कुशवाहा ने कहा कि परिवहन निगम का यह प्रयास न केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि परिवहन सेवाओं में भी लैंगिक समानता को बढ़ावा दे रहा है।
प्रयाग डिपो में तैनात हुईं प्रीति शर्मा ने कहा कि परिवहन निगम की सेवाओं में सुधार के लिए समर्पित भाव से काम करेंगी। वहीं, सिविल लाइंस डिपो में तैनात हुईं सुमन चौहान व वैशाली आर्या ने कहा कि यह कदम अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा। यह मारे लिए रक्षाबंधन का उपहार है।
क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में चयनितों को क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत दीक्षित ने नियुक्ति पत्र सौंपा। रोडवेज महिला परिचालकों के पद पर काम करने लिए 85 महिलाओं ने आवेदन किया था। इसमें से सिर्फ 37 महिलाओं के शैक्षिक व पात्रता अभिलेख सही पाए गए हैं। अन्य आवेदकों को अपने अभिलेख ठीक कर पुन: आवेदन करने की सलाह दी गई है।
इस भर्ती में 12वीं पास और ट्रिपल सी के साथ स्वयं सहायता समूह की सदस्य, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित महिलाएं शामिल हुई थीं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।