Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Prayagraj News : प्रयाग जंक्शन पर सस्ते में रुकने की सुविधा, यात्रियों की IRCTC से आसान होगी बुकिंग, पढ़ें प्रक्रिया

    Updated: Sat, 02 Aug 2025 01:57 PM (IST)

    प्रयागराज के प्रयाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए रुकना अब सस्ता और सुविधाजनक होगा। यहां जल्द ही दो रिटायरिंग रूम शुरू हो रहे हैं जो स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों पर उपलब्ध होंगे। आइआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप के माध्यम से आसानी से बुकिंग की जा सकेगी। रिटायरिंग रूम में बेड टॉयलेट और बाथरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

    Hero Image
    प्रयागराज में प्रयाग स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही किफायती रिटायरिंग रूम उपलब्ध होंगे। जागरण

    जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मुंबई से पूर्वांचल, लखनऊ और अन्य रूटों से आने वाले यात्रियों के लिए अब प्रयाग स्टेशन (जंक्शन) पर रुकना सस्ता और सुविधाजनक होगा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के नजदीक स्थित प्रयाग स्टेशन पर 34 मेल और छह मेमू ट्रेनों का ठहराव होता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह स्टेशन संगम, हाईकोर्ट, यूपी बोर्ड, एजी ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के लिए सड़क परिवहन से सीधे जुड़ा है। अब यात्रियों को रुकने के लिए शहर में भटकने या महंगे होटलों में अधिक खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रयाग स्टेशन पर जल्द ही दो रिटायरिंग रूम शुरू होने जा रहे हैं, जो स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों (प्रथम और द्वितीय) पर उपलब्ध होंगे। इस सुविधा को इसी वर्ष शुरू करने की योजना है, और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

    आइआरसीटीसी के जरिए आसान बुकिंग

    रिटायरिंग रूम की बुकिंग आइआरसीटीसी की वेबसाइट (www.rr.irctctourism.com) या एप के माध्यम से आसानी से की जा सकेगी। बुकिंग के लिए यात्रियों को अपना वैध पीएनआर नंबर दर्ज करना होगा, जो कन्फर्म या आरएसी टिकट के साथ होना चाहिए। वेबसाइट पर लाग इन कर, 'रिटायरिंग रूम बुकिंग' विकल्प चुनने के बाद यात्री एसी या नॉन-एसी रूम, सिंगल, डबल या डारमेट्री का चयन कर सकते हैं। इसके बाद समय अवधि (1 से 48 घंटे) चुनकर आनलाइन भुगतान करना होगा। आफलाइन बुकिंग के लिए स्टेशन पर उपलब्ध रिसेप्शन काउंटर पर आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र दिखाकर रूम बुक किया जा सकता है। यह होटलों की तुलना में बेहद ही किफायती होगा।

    यात्रियों को कैसे मिलेगा लाभ

    यह सुविधा संगम में स्नान-ध्यान के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों, सरकारी कार्यों के लिए आने वाले लोगों और ट्रेन लेट होने पर इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी। रिटायरिंग रूम में बेड, टायलेट, बाथरूम, अलमारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो स्टेशन परिसर में ही होने से समय और पैसे दोनों बचाएंगी। यह सुविधा सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली होगी, जिससे यात्रियों को होटलों की तुलना में कम खर्च में बेहतर अनुभव मिलेगा।

    क्या बदलाव आएगा

    रिटायरिंग रूम शुरू होने से प्रयाग स्टेशन यात्रियों के लिए और अधिक सुविधाजनक बनेगा। स्टेशन के दोनों ओर रूम होने से भीड़ का दबाव कम होगा और उपलब्धता बढ़ेगी। यह सुविधा विशेष रूप से मुंबई से पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों के लिए लाभकारी होगी, जो लंबी यात्रा के बाद आराम करना चाहते हैं। कुल मिलाकर, यह कदम रेल यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाएगा।