Prayagraj News: प्रयागराज में 115 दिनों के लिए बंद हुई एनी बेसेंट क्रासिंग, गलियों में लगा भीषण जाम
Prayagraj News एलनगंज से छोटा बघाड़ा को जोड़ने वाली एनी बेसेंट रेलवे क्रासिंग सोमवार से 115 दिनों के लिए बंद कर दी गई। पहले दिन ही लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। दो दर्जन से ज्यादा गलियां चार पहिया वाहन व ई रिक्शा के चलते जाम हो गईं। लोग आगे जाने के लिए नया रास्ता खोजते रहे। जेसीबी से गड्ढा खोदकर रास्ता ब्लाक कर दिया गया।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। एलनगंज से छोटा बघाड़ा को जोड़ने वाली एनी बेसेंट रेलवे क्रासिंग सोमवार से 115 दिनों के लिए बंद कर दी गई। पहले दिन ही लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। दो दर्जन से ज्यादा गलियां चार पहिया वाहन व ई रिक्शा के चलते जाम हो गईं। लोग आगे जाने के लिए नया रास्ता खोजते रहे।
एलनगंज की ओर से क्रासिंग मोड़ पर जेसीबी से गड्ढा खोदकर रास्ता ब्लाक कर दिया गया। यहीं पर ई रिक्शा चालकों ने स्टैंड लगा दिया। इससे मुख्य मार्ग से जो भी वाहन आए जाम में फंस गए। क्रासिंग बंद होने के बावजूद गलियों से बाइक सवार व सीवर पर बनी लोहे की जाली से पैदल व साइकिल सवार आगे बढ़ते रहे। इस दौरान सामने से ट्रेनें भी आती-जाती रहीं और लोग जान खतरे में डालकर क्रासिंग पार करते रहे।
सड़क पर गड्ढा खोदकर बंद किया गया मार्ग
छोटा बघाड़ा की ओर पुलिस चौकी से पहले सड़क पर जेसीबी से गड्ढा खोदकर मार्ग बंद किया गया। यहां कार्य प्रगति का बोर्ड भी लगा दिया है। छोटा बघाड़ा में लोगों के अलावा लाखों की संख्या में प्रतियोगी छात्र रहते हैं। जबकि एलनगंज में कोचिंग सेंटर व शिक्षण संस्थानों की भरमार है।
सुबह से लेकर शाम तक कोचिंग, विश्वविद्यालय व शिक्षण संस्थानों के साथ कटरा व सिविल लाइंस आने जाने के लिए अधिकांश लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। यहां ट्रैफिक अधिक रहता है। जबकि शाम ढलने पर यहां बाजार आदि के लिए जब छात्र कमरे से बाहर निकलते हैं तो मेले जैसी स्थिति हो जाती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।