प्रख्यात न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने CLAT परीक्षा उत्तीर्ण की, ऑल इंडिया 37628 रैंक हासिल की; 53 की उम्र में रचा इतिहास
प्रख्यात न्यूरोसर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने 53 वर्ष की आयु में CLAT परीक्षा उत्तीर्ण कर 37628वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल की। इनका नाम जटिल ऑपरेशन करने में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

प्रख्यात न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान।
HighLights
वर्ष 2012 में रीवा (मप्र) की किशोरी के मस्तिष्क में जमे 286 सिष्ट निकाला था
वर्ष 2023 में बेटी के साथ नीट यूजी परीक्षा दी, 89 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सीखने की कोई उम्र नहीं होती और शिक्षा शत-प्रतिशत मिल जाए यह भी संभव नहीं। इसके उदाहरण हैं प्रख्यात न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान। 53 साल की अवस्था में इन्होंने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) में न केवल प्रतिभाग किया बल्कि परिणाम में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 37,628 पाकर इतिहास भी रच दिया।
मरीजों की व्यस्तता में से निकाला समय
डॉ. खेतान ने यह उपलब्धि उन परिस्थितियों में पाई जब उन पर सुबह से शाम तक सैकड़ों मरीजों के इलाज का दबाव रहता है। दूसरे अन्य जरूरी कार्यों के लिए भी समय निकालना पड़ता है। न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने क्लैट की उच्च प्रतिस्पर्धी परीक्षा में प्रतिभाग कर शिक्षा ग्रहण करने के प्रति अपने जिद्दी स्वभाव का परिचय भी दिया।
वर्ष 2023 में बेटी संग नीट यूजी परीक्षा दी थी
ऐसा पहली बार नहीं जब उन्होंने इस अवस्था में कोई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा दी हो, इससे पहले भी वर्ष 2023 में उन्होंने बेटी मिताली का हौसला बढ़ाने के लिए उसके साथ नीट यूजी परीक्षा की तैयारी की और परीक्षा में शामिल भी हुए थे। बेटी को 90 प्रतिशत तो डॉ. खेतान को उसमें 89 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे।
युवा पढ़ाई और प्रतियोगिता से दूर न भागें: डॉ. खेतान
डॉ. प्रकाश कहते हैं कि चिकित्सा कार्यों में ज्यादातर समय बीत जाता है लेकिन परीक्षाओं में शामिल होने के पीछे उद्देश्य है कि युवा पढ़ाई और प्रतियोगिता से दूर न भागें। यह केवल प्रेरणा स्वरूप है। कहा कि बेटी का हौसला भी इसी तरह से बढ़ाया था।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज है नाम
डॉ. प्रकाश खेतान को वैश्विक ख्याति तब मिली थी जब वर्ष 2012 में उन्होंने रीवा (मप्र)की एक किशोरी के मस्तिष्क में जमे 286 सिष्ट निकालने के लिए बेहद जटिल आपरेशन किया था। इस सफलता के लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।