प्रयागराज के MLN मेडिकल कॉलेज में एनाटामी विभाग के मोर्चरी में 'डकैती', बदमाशों ने लाखों रुपये का सामान उड़ाया
प्रयागराज के MLN मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में दीपावली के दौरान लाखों रुपये के उपकरण और सामान चोरी हो गए। ...और पढ़ें

प्रयागराज के MLN मेडिकल कॉलेज में एनाटामी विभाग के मोर्चरी से बदमाश लाखों रुपये का सामान उड़ा ले गए और तोड़फोड़ भी की। सौ. विभाग
HighLights
दीपावली के दौरान इत्मिनान से बदमाशों ने की वारदात
जार्जटाउन थाने में मुकदमा, किसी की नहीं हुई गिरफ्तारी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में बदमाशों का आतंक बढ़ गया है। इस बार किसी मकान को नहीं बल्कि सरकारी मोती लाल नेहरू (MLN) मेडिकल कॉलेज को निशाना बनाया है। बदमाशों ने मेडिकल कॉजेज के एनाटामी विभाग के मोर्चरी में डाका डाला और लाखों रुपये का कीमती सामान उड़ा दिया है।
मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा-व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की जानकारी होने पर विभागाध्यक्ष कृष्णा पांडेय की तहरीर पर जार्जटाउन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। एटानामी विभाग के डॉक्टर बादल सिंह का कहना है कि बदमाशों ने डाका डाला और इत्मिनान से पांच कमरों के पंखे खोले, उपकरण निकाले, डीप फ्रीजर, कूलिंग प्लांट, शव वाहन समेत लाखों रुपये का सामान गायब कर दिया।
सात से 11 नवंबर के बीच हुई घटना
बताया गया है कि दीपावली के दौरान मेडिकल कॉलेज के एनाटामी विभाग में अवकाश था। इसी दौरान रात में कई बदमाश पहुंचे और मोर्चरी में दाखिल हो गए। बदमाशों ने निडर होकर इलेक्टानिक वायरिंग, कूलिंग प्लांट, शव वाहन, बैट्री, एग्जास्ट फैन, आरा मशीन, पंखा, मोटर गायब किया। साथ ही एसी के कंप्रेशर निकाला। इलेक्ट्रानिक उपकरणों में तोड़फोड़ भी की। सात से 11 नवंबर के बीच हुई घटना की जानकारी शुक्रवार को तब हुई जब मोर्चरी को खोला गया। वहां की हालत देख स्वास्थ्य कर्मी परेशान हो गए। खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन की। इसके बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।
लाखों रुपये का सामान बाहर कैसे निकाला गया?
कहा गया है कि घटना स्थल पर सीसीटीवी नहीं लगा है। लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि लाखों रुपये का सामान बाहर कैसे निकाला गया। ऐसा तब हुआ जब मेडिकल कॉलेज के गेट पर निजी सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती रहती है। बहरहाल, इस घटना से डॉक्टरों, विद्यार्थियों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
लाइसेंसी बंदूक, रायफल का भी नहीं लगा सुराग
कुछ दिन पहले जेल में बंद हत्यारोपित वकील देवेंद्र नाथ मिश्रा के घर से चोरों ने नकदी, जेवरात के साथ लाइसेंसी बंदूक, रायफल गायब कर दिया था। देवेंद्र के भाई की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अब तक किसी असलहे को बरामद नहीं कर सकी है। उनके दुरुपयोग की संभावना बढ़ गई है, मगर पुलिस के हाथ पूरी तरह से खाली है।
बढ़ती घटनाओं से लोगों में खौफ
चोरी, छिनैती, लूट की बढ़ती घटनाओं से लोगों में खौफ पैदा होने लगा है। अपराध में बढ़ोतरी तब हुई है, जब सहालग का दौर शुरू हो गया है। तमाम लोगों के घरों में शादी को लेकर तैयारी चल रही है, लेकिन परिवार के मुखिया के मन में चोरी का डर सता रहा है। पुलिस अधिकारी भले ही अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का दावा कर रहे हैं, पर आमजन में भरोसा मजबूत नहीं बना पा रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।