प्रयागराज के तालाब नवल राय का होगा सुंदरीकरण, नालों की सफाई होगी; जलभराव की समस्या दूर होगी
महापौर गणेश केसरवानी ने प्रयागराज में नालों की सफाई और तालाब नवल राय के सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य शहर को जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात दिलाना है।

नया बैरहना बंगाली टोला में नाला सफाई के कार्यों का निरीक्षण। करते महापौर गणेश केसरवानी। सौजन्य: पीआरओ
HighLights
महापौर गणेश केसरवानी ने नाला सफाई कार्य देखा
तालाब नवल राय में सुंदरीकरण कार्यों की भी समीक्षा की
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर में जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों के सुंदरीकरण की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर गणेश केसरवानी ने बाई का बाग चौराहे से क्रास्थवेट गर्ल्स कालेज होते हुए निरंकारी भवन और बैरहना बंगाली टोला तक नालों की सफाई व संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब नवल राय में चल रहे सुंदरीकरण कार्यों की भी समीक्षा की।
महापौर ने नालों की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सफाई में किसी तरह की लापरवाही न हो। जल निकासी में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या न झेलनी पड़े।
तालाब नवल राय के सुंदरीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यह तालाब शहर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण के साथ स्वच्छ एवं सुंदर स्वरूप देना जरूरी है। कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश लारा, किरन जायसवाल, आकाश सोनकर, गिरिजेश मिश्रा, राजू पाठक, विवेक मिश्रा, बालकिशन सोनकर, शेरु सोनकर, दीपू प्रजापति, अवर अभियंता राम सक्सेना, सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।