1871 में प्रयागराज माघ मेला पर कितनी धनराशि हुई खर्च? अंग्रेजी शासन काल में मात्र 5184 रुपये लागत व तीन गुना हुई थी कमाई
ब्रिटिश शासनकाल में प्रयागराज माघ मेले का खर्च कम और आय तीन गुना अधिक होती थी, जिसमें तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता था।

ब्रिटिश शासन में संगम तट पर आयोजित माघ मेला के लिए बनाया गया मानचित्र। सौजन्य: अभिलेखागार
HighLights
ब्रिटिश शासन काल में आय और व्यय पर जारी होती थी रिपोर्ट
तीर्थयात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए बनाए जाते थे मानचित्र
अमरदीप भट्ट, प्रयागराज। ब्रिटिश सरकार की ओर से 1871 में कराए गए माघ मेला की संपूर्ण व्यवस्था पर 5184 रुपये खर्च किए गए थे, जबकि आमदनी इससे तीन गुना अधिक यानी 17702 रुपये हुई थी। रॉबर्टसन मजिस्ट्रेट ने अपनी रिपोर्ट में लिखा था कि मेले में किसी भी प्रकार की चोरी, डकैती यात्रियों के साथ नहीं हुई।
अब भारी-भरकम सरकारी बजट खर्च होता है
वहीं 1884 में हुए माघ मेले से तत्कालीन सरकार को 26 हजार 101 रुपये 15 आना तीन पैसे की आय हुई थी। मेले से हुई आय को अल्फ्रेड पार्क, पुस्तकालय व अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए खर्च किया गया था। यह जानना आपके लिए इसलिए जरूरी है क्योंकि माघ मेला की व्यवस्थाओं पर अब सरकारी बजट भारी भरकम खर्च होता है। हालांकि यह बात दीगर है कि ब्रिटिश शासन की स्थापना के बाद शुरुआती वर्षों में संसाधन जुटाने के लिए वस्तुओं के दाम काफी कम हुआ करते थे।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा तक प्राथमिकता होती थी
क्षेत्रीय अभिलेखागार में सुरक्षित दस्तावेज बताते हैं कि सनातन धर्मियों की आस्था, पतित पावनी मां गंगा के प्रति श्रद्धावानों की सुविधा का ध्यान रखा जाता था। मेला की व्यवस्थाओं का मानचित्र तैयार करने से लेकर प्रमुख स्नान पर्वों पर तीर्थयात्रियों की सुरक्षा तक प्राथमिकता होती थी। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार 1858 में हुए माघ मेला में अप्रत्याशित तीर्थ यात्री आए थे। 1861 में माघ मेला सकुशल संपन्न होने पर मेला प्रभारी रतन सिंह को 300 रुपये खिल्लत (सम्मान स्वरूप) दिये गये थे।
9368 रुपये में हो गया था अर्द्धकुंभ
जेसी राबर्टसन मजिस्ट्रेट इलाहाबाद, की रिपोर्ट में लिखा है कि 1876 के अर्द्धकुंभ मेला में मुख्य स्नान पर्व पर लगभग एक लाख 50 हजार श्रद्धालु देश विदेश से आए थे। इस मेला की व्यवस्थाओं पर 9368 रुपये 14 आना खर्च हुआ था, इसके सापेक्ष 30 हजार 881 रुपये एक आना की आय हुई थी। अवशेष धनराशि में से 11 हजार रुपये इलाहाबाद के विकास पर खर्च किए जाने का शासन से अनुरोध किया गया था।
कोतवाल को 500 रुपये पुरस्कार की हुई थी संस्तुति
क्षेत्रीय अभिलेखागार में सुरक्षित दस्तावेज के अनुसार अर्द्धकुंभ 1876 में उच्च स्तरीय पुलिस प्रबंध के लिए शहर कोतवाल लियाकत अली को 500 रुपये पुरस्कार दिए जाने की संस्तुति हुई थी।
अभिलेखागार में 1860 से अब विगत वर्ष तक हुए माघ व कुंभ मेलों के अभिलेख हैं। मेले के लिए चाक चौबंद व्यवस्थाएं ब्रिटिश शासन काल में भी बनाई जाती थीं, तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस के उच्च स्तरीय प्रबंध हुआ करते थे। अभिलेख बताते हैं कि मेले में जितना खर्च होता था आमदनी उससे तीन या चार गुना अधिक हो जाती थी।
- राकेश वर्मा, अभिलेख अधिकारी, क्षेत्रीय अभिलेखागार।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।