माघ मेला 2027 में निर्बाध होगी पेयजल आपूर्ति, 260 किमी बिछेगी पाइप लाइन; 28 नलकूपों से की जाएगी सप्लाई
माघ मेला 2027 में प्रयागराज में श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को निर्बाध पेयजल मिलेगा। इसके लिए 260 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 28 नलकूप लगेंगे, जिससे जलापूर्ति सुनिश्चित होगी।

माघ मेला 2027 में पेयजल आपूर्ति निर्बाध करने की तैयारी है।
HighLights
श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को मिलेगा पर्याप्त शुद्ध पेयजल
तंबुओं की नगरी में पिछले बार की तुलना में तीन अधिक नलकूप लगेंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माघ मेला 2027 में संगम की रेती पर बसने वाली तंबुओं की नगरी में कल्पवासियों, संतों और श्रद्धालुओं को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए जल निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला क्षेत्र में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इस बार 260 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही पानी की मांग के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में कनेक्शन भी दिए जाएंगे।
सभी शिविरों तक पर्याप्त होगी पेजयलापूर्ति
जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेला क्षेत्र में 28 नलकूप स्थापित किए जाएंगे। पिछले वर्ष 25 नलकूपों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की गई थी। इस बार तीन अतिरिक्त नलकूप लगाए जाने से जलापूर्ति क्षमता बढ़ेगी। विभाग का प्रयास है कि मेला क्षेत्र में बसने वाले प्रत्येक शिविर, संतों के आश्रम और कल्पवासियों के शिविर तक पर्याप्त पानी पहुंचाया जा सके।
20 दिसंबर तक पाइप लाइन बिछाने का लक्ष्य
जलकल निगम के अधिशासी अभियंता अमित राज ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। 20 दिसंबर तक पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जनवरी में विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नलकूपों की स्थापना भी इसी तैयारी का हिस्सा है, ताकि माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता में किसी तरह की बाधा न आए।