माघ मेला में मौनी अमावस्या पर पूर्वांचल की सड़कों पर दौड़ेंगी 2800 रोडवेज बसें, श्रद्धालु आसानी से संगम नगरी पहुंच सकेंगे
माघ मेले में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम 2800 बसें चलाएगा। शहर में चार अस्थायी बस अड्डे बनाए जाएंगे और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।

माघ मेला 2027 में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न रूटों पर रोडवेज बसें चलेंगी।
HighLights
शहर में चार जगह बनेंगे अस्थायी बस अड्डे, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
600 बसें अकेले प्रयागराज रीजन की होंगी, दूसरे क्षेत्रों की संख्या जल्द होगी स्पष्ट
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। लखनऊ हो, वाराणसी हो, अयोध्या हो या फिर गोरखपुर। माघ मेला में दूर-दराज से श्रद्धालु त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाने आते हैं। इन्हें सुरक्षित लाने और फिर पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी परिवहन निगम निभाता है। माघ मेला का समय करीब आते ही निगम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। फोकस सिर्फ अधिक से अधिक बसों के संचालन पर ही नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा पर भी है। मौनी अमावस्या पर पूर्वांचल के राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्गों पर करीब 2800 बसें दौड़ाई जाएंगी।
मौनी अमावस्या से एक दिन पहले से चलेंगी अतिरिक्त बसें
माघ मेला में सबसे अधिक भीड़ मौनी अमावस्या पर रहती है। इसलिए इस स्नान पर्व के एक दिन पहले ही अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू हो जाएगा, जो मौनी अमावस्या के अगले दिन तक चलेगा। परिवहन निगम ने माघ मेला के लिए 2800 बसें रिजर्व की हैं। इनमें से 600 बसें तो अकेले प्रयागराज रीजन की होंगी। इसमें सिविल लाइंस डिपो, मीरजापुर, प्रतापगढ़, जीरोरोड, लीडररोड, प्रयाग, लालगंज, बादशाहपुर, मंझनपुर डिपो की बसें शामिल होंगी।
लखनऊ, अयोध्या आदि रूट पर भी चलेंगी बसें
इसके अलावा लखनऊ, आजमगढ़, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, देवीपाटन, झांसी, चित्रकूट धाम, कानपुर रीजन की बसें भी रहेंगी। इनमें से अमूमन सात से आठ सौ बसें मेले के सामान्य दिनों में चलेंगी। मकर संक्रांति, पौष पूर्णिमा, वसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि में लगभग 1400 से 1800 के आसपास बसें चलाई जाएंगी। सबसे अधिक 2800 बसें मौनी अमावस्या पर चलेंगी। इन बसों के संचालन से दूसरे शहरों व जनपदों से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
शहर के बाहर बनेंगे बस अड्डे, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
माघ मेले में शहर के बाहर चार अस्थायी बस अड्डे बनाए जाएंगे। कानपुर रूट का नेहरू पार्क, लखनऊ व अयोध्या का बैंक रोड पर भारत स्काउट कालेज, वाराणसी व गाेरखपुर का झूंसी, मीरजापुर, बांदा और रीवां का लेप्रोसी चौराहे के पास अस्थायी बस अड्डा बनेगा। वैसे तो मौनी अमावस्या पर ही यह बस अड्डे संचालित होंगे, लेकिन भीड़ बढ़ने या दूसरी विषम परिस्थितियों में भी इनका प्रयोग किया जा सकेगा। सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी बस स्टेशनों में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे।
माघ मेले में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है। मेले के दौरान बसों की कोई कमी नहीं होगी। यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
- रवींद्र कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम, प्रयागराज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।