प्रयागराज: खुसरोबाग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सौर ऊर्जा से संचालित होगा, नहीं बाधित होगी जलापूर्ति; लाखों की आबादी को राहत
प्रयागराज का खुसरोबाग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट अब सौर ऊर्जा से संचालित होगा, जिससे बिजली के खर्च में प्रतिमाह 20-30 लाख ...और पढ़ें

प्रयागराज के खुसरोबाग में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन के लिए लगाया गया सोलर पैनल। जागरण
HighLights
खुसरोबाग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 1.2 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट लगेगा
एक से डेढ़ माह में सौर ऊर्जा से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन शुरू होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। बिजली के बढ़ते खर्च से राहत पाने और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक किफायती बनाने के लिए जलकल विभाग ने सौर ऊर्जा की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। अब खुसरोबाग स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बिजली के बजाय सौर ऊर्जा से संचालित होगा।
करीब 20 से 30 लाख रुपये तक की बचत होगी
इसके लिए परिसर में 1.2 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इसकी स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अगले एक से डेढ़ माह में सौर ऊर्जा से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे हर माह बिजली बिल में करीब 20 से 30 लाख रुपये तक की बचत होगी।
नंबर गेम
403 एमएलडी पानी की खपत शहर में है
01 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
130 एमलडी पानी शोधित करने की क्षमता है
80 एमएलडी पानी की आपूर्ति वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से होती है
650 से अधिक नलकूपों की संख्या है
30 वार्डों में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति होती है।
खुसरोबाग प्लांट से ढाई लाख आबादी को होती है जलापूर्ति
खुसरोबाग में स्थापित 130 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से शहर के लगभग 30 वार्डों में जलापूर्ति होती है। इससे करीब ढाई लाख से अधिक की आबादी को पानी उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में प्लांट के संचालन में बिजली की खपत भी काफी अधिक होती है।
बिजली कटौती पर भी जलापूर्ति होती रहेगी
सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद बिजली पर निर्भरता कम होगी और जलकल विभाग को हर महीने बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। बिजली की आपूर्ति बाधित होने के बाद भी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति होती रहेगी। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर के सामने लगभग पांच बीघे से अधिक क्षेत्रफल में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं।
खुसरोबाग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन सौर ऊर्जा से एक से डेढ़ माह में शुरू हो जाएगा। इससे हर माह बिजली बिल में करीब 20 से 30 लाख रुपये की बचत होने का अनुमान है। सोलर प्लांट लगाने वाली संस्था 25 वर्षों तक इसका संचालन करेगी।
- संजीव कुमार, महाप्रबंधक, जलकल विभाग, प्रयागराज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।