विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में सिर पर नाच रहीं डग्गामार बसें, न परिवहन निगम कुछ कर रहा और न ही विभाग; आखिर कौन जिम्मेदार?

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 17 Nov 2026 03:46 PM (IST)

प्रयागराज में सिविल लाइंस बस स्टेशन के सामने अवैध डग्गामार बसें धड़ल्ले से चल रही हैं, जो सरकारी बसों के ...और पढ़ें

प्रयागराज के सिविल लाइंस अस्थायी बस अड्डा के सामने खड़ी प्राइवेट बस। जागरण

प्रयागराज के सिविल लाइंस अस्थायी बस अड्डा के सामने खड़ी प्राइवेट बस। जागरण

HighLights

  1. बस अड्डे के सामने भरती हैं सवारियां, डिपो के एक किमी के दायरे से नहीं हो सकता संचालन

  2. कार्रवाई के नाम पर हो महज खानापूति, सवालों के घेरे में सरकारी अधिकारियों की कार्यशैली

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नियम तो यह है कि परिवहन निगम के किसी भी डिपो के एक किलोमीटर के दायरे से कोई प्राइवेट बस का संचालन नहीं होगा। यहां तो प्राइवेट बसें परिवहन निगम के सिर पर ही नाच रहीं हैं। सिविल लाइंस बस स्टेशन के सामने जहां सरकारी बसें सवारियां बैठाती हैं, ठीक वहीं से प्राइवेट बसों का संचालन हो रहा है। कई बार तो इनके चालक सरकारी बसों से सवारियां उतार ले जाते हैं। परिवहन निगम की इनके चालकों के आगे चल नहीं रहीं। जबकि, परिवहन विभाग महज खानापूर्ति कर रहा है।

प्राइवेट बसें भी सरकारी बसों की कतार में खड़ी होती हैं

केपी कॉलेज के पास सिविल लाइंस डिपो का अस्थायी बस अड्डा है। इस डिपो में करीब 113 बसें हैं जो लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, जौनपुर सहित अन्य रूटों पर चलती हैं। दूसरे डिपो की बसें भी आती-जाती हैं। डिपो से ठीक सामने से प्रतिदिन करीब 40 से 50 प्राइवेट बसों का संचालन हो रहा है। जौनपुर, आजमगढ़, वाराणसी सहित दूसरे रूटों पर दौड़ने वाली यह बसें भी सरकारी बसों की कतार में खड़े होकर सवारियां भरती हैं। इन प्राइवेट बसों के चालकों ने ऐसा जाल बिछा रहा है कि उनके आगे न परिवहन निगम के अधिकारियों की कुछ चलती है और न उनके चालक-परिचालकों की।

प्राइवेट बस चालकों की दहशत

निगम के कर्मचारियों की मिलीभगत है या प्राइवेट बस चालकों की दहशत, लेकिन हकीकत यही है कि जब कोई प्राइवेट बस सवारियां बैठा रही होती है तो वहां सरकारी बस रुकती ही नहीं। अगर, उसी रूट की सरकारी बस आ गई तो प्राइवेट बस चालक के एक इशारे पर आगे बढ़ जाती है। यह डिपो जब सिविल लाइंस से चलता था, तब यह चालक प्राइवेट बसें लेकर वहां मंडराते रहते थे। बस अड्डा अस्थायी जगह पहुंचा तो यह वहां भी आ धमके।

चालक-परिचालक का लेखा-जोखा न कोई पंजीकरण

सरकारी बसों की तरह किसी रूट पर फुटकर सवारियां बैठाने के लिए प्राइवेट बसों का स्टेज कैरिज परमिट बनवाना पड़ता है। सूत्रों का कहना है कि शहर से दौड़ रहीं प्राइवेट बसों में किसी के पास यह परमिट है ही नहीं। इनके चालकों-परिचालकों का भी कोई लेखा-जोखा किसी महकमे के पास नहीं है। यह भी स्पष्ट नहीं कि बस दौड़ाने वाले चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस है भी या नहीं।

बस स्टेशन के सामने से संचालित होने वाली प्राइवेट बसों पर कार्रवाई का अधिकार परिवहन विभाग के पास है। कई बार संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है।
- रवींद्र कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम।

परिवहन निगम के साथ संयुक्त टीम बनाकर प्राइवेट बस चालकों के खिलाफ कई बार कार्रवाई की गई है। इनके खिलाफ फिर जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
- एसपी सिंह, आरटीओ।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में एक करोड़ के स्मैक बरामद, सरगना समेत तीन तस्कर गिरफ्तार; कहां से लाते थे और किन लोगों को बेचते थे?

यह भी पढ़ें- एक मिनट की देरी ने छीन ली मासूम की जिंदगी, हंगामा व तोड़फोड़; स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।