एक मिनट की देरी ने छीन ली मासूम की जिंदगी, हंगामा व तोड़फोड़; स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
प्रयागराज के इरादतगंज स्थित सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल में एक छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घरवालों ने ...और पढ़ें

प्रयागराज के यमुनापार में ट्रेन की चपेट में आने से स्थित इरादतगंज स्थित सेंट मेरी कान्वेंट के मासूम छात्र की मौत के बाद स्कूल में आक्रोशित लोगों को समझाते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
देर से पहुंचने पर स्कूल में इंट्री न होने का आरोप, घर आते समय ट्रेन की चपेट में आया
प्रयागराज के यमुनापार स्थित इरादतगंज स्थित सेंट मेरी कान्वेंट का छात्र था मासूम
हंगामे के बाद पुलिस छावनी में बदला स्कूल परिसर, उग्र भीड़ देखकर स्कूली बच्चे सहमे
संसू, जागरण, घूरपुर (प्रयागराज)। यमुनापार क्षेत्र के इरादतगंज स्थित सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल के 9 वर्षीय एक छात्र के साथ अनहोनी घटी। ट्रेन की चपेट में आने से सुबह करीब 6.30 बजे उसकी मौत हो गई। मामला तब उग्र हो गया जब घरवालों ने स्कूल प्रबंधन पर एक मिनट की देरी से स्कूल पहुंचने पर बच्चे को अंदर नहीं जाने का आरोप लगाए। इसी को लेकर स्कूल परिसर में हंगामा और तोड़फोड़ की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। उधर आक्रोशित भीड़ को देखकर स्कूल के छात्र और स्टाफ सहम गए।
स्कूल के पास प्रयागराज-मुंबई रेलमार्ग पर हादसा
मंगलवार सुबह कक्षा तीन के छात्र यजदान को उसके पिता मुस्तकीम स्कूल छोड़ने आए थे। स्कूल के सामने ही प्रयागराज-मुंबई रेलमार्ग गुजरता है, जिसे पार कर छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचते हैं। बताया जा रहा है कि पिता बेटे को स्कूल के पास छोड़कर वापस घर लौट गए। इसी दौरान स्कूल का मुख्य गेट बंद हो चुका था। आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने निर्धारित समय से करीब एक मिनट देरी से पहुंचने पर छात्र को प्रवेश नहीं दिया और उसे घर वापस जाने के लिए कह दिया। मासूम अकेले ही लौटने लगा। स्कूल के सामने रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हंगामा के बीच स्कूल के शिक्षक सूफियान घायल
उधर, बेटे को छोड़कर घर लौट रहे मुस्तकीम को रास्ते में ही फोन पर हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार अवाक रह गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र के परिवार के लोग स्कूल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इस दौरान स्कूल परिसर में तोड़फोड़ की गई तथा एक कार को नुकसान पहुंचाया गया। हंगामे के दौरान स्कूल के शिक्षक सूफियान भी घायल हो गए। अचानक बिगड़े हालात और उग्र भीड़ को देखकर स्कूल के अन्य छात्र-छात्राएं सहम गए।
स्कूल प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े
घटना की सूचना पर घूरपुर थाना प्रभारी हरकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, एसडीएम बारा अर्पित कुमार और डीसीपी यमुनानगर मनीष शांडिल्य भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों और ग्रामीण स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं जाने दिया जाएगा। यजदान तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में एक छोटी बहन है। पिता मुस्तकीम ईंटा कारोबार से जुड़े हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सवालों के घेरे में स्कूल की व्यवस्था
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और देर से आने वाले बच्चों के प्रति अपनाई जाने वाली नीति को लेकर उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के सामने व्यस्त रेलवे लाइन होने के बावजूद यदि किसी बच्चे को अकेले वापस भेजा गया, तो यह गंभीर लापरवाही है। अभी तहरीर लिखी जा रही है, मृतक छात्र के शव को स्कूल परिसर मे रखा गया है। मौके पर सभी आला अधिकारी अभी मौजूद हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।