जननी सुरक्षा योजना: प्रयागराज में कमीशन का चल रहा खेल, निजी अस्पताल संचालकों और स्वास्थ्य विभाग कर्मियों का गठजोड़
प्रयागराज में जननी सुरक्षा योजना के तहत कमीशन का बड़ा खेल चल रहा है। इस कारण पंजीकृत गर्भवती महिलाएं सरकारी के बजाय निजी अस्पतालों में प्रसव करा रही हैं।

प्रयागराज में जननी सुरक्षा योजना में कमीशन का खेल प्रयागराज में चल रहा है।
HighLights
होलागढ़, कौंधियारा में कमीशन का अधिक खेल, अन्य ब्लाक की स्थिति ठीक नहीं
सरकारी अस्पतालों में पंजीकृत गर्भवती महिलाएं प्राइवेट हॉस्पिटल में करा रहीं प्रसव
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्राइवेट अस्पताल संचालकों और स्वास्थ्य विभाग के बीच गठजोड़ का सबसे बड़ा खेल ग्रामीण क्षेत्र में चल रहा है। कौड़िहार और कौंधियारा इलाके इनमें सबसे आगे हैं। 50 प्रतिशत महिलाएं भी यहां सरकारी अस्पतालों में प्रसव के लिए नहीं आ रहीं हैं। अन्य ब्लाकों की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है।
जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य विभाग पंजीकरण करता है। प्रसव होने तक उनकी तमाम जांचें, टीकाकरण आदि कराता है। हालांकि जब प्रसव की बारी आती है तो गर्भवती प्राइवेट अस्पताल पहुंच जाती हैं। सूत्रों का कहना है कि आशा कार्यकर्ताओं व दूसरे कर्मचारियों की मिलीभगत से यह खेल हो रहा है।
सितंबर तक होलागढ़ ब्लाक में 2998 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत थीं। इनमें से सिर्फ 910 महिलाएं प्रसव के लिए सरकारी अस्पताल पहुंची। 2205 महिलाओं ने प्राइवेट अस्पतालों की शरण ली। कौंधियारा में 966 प्रसव सरकारी अस्पतालों में तो 1822 प्रसव प्राइवेट अस्पतालों में हुए। यहां कुल 2862 गर्भवती पंजीकृत हुई हैं।
बहादुरपुर ब्लाक में 5787 गर्भवती पंजीकृत हैं। इनमें से 5802 के प्रसव हो चुके हैं। 4168 ने प्राइवेट अस्पतालों में प्रसव कराया तो 1634 महिलाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व अन्य सरकारी अस्पतालों में गईं। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों की स्थिति भी कुछ ठीक नहीं हैं। इनमें 17481 गर्भवती महिलाएं योजना के तहत पंजीकृत हुई थीं।
यहां प्राइवेट अस्पतालों में 7483 प्रसव हुए हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में प्रसव की संख्या 2540 रही। सैदाबाद, चाका, बहरिया सहित अन्य ब्लाकों में भी सरकारी अस्पतालों में प्रसव बढ़ाने पर जिम्मेदारों का ध्यान नहीं है।
यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के परीक्षा केंद्र निर्धारण में सौदेबाजी-घूसखोरी, कौन ले रहा 5-5 लाख रुपये? जांच की उठी मांग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।