मानव तस्कर गैंग: डेढ़ से ढाई लाख रुपये में बेचता था एक लड़की, खरीदार इसके हिसाब से लगाते थे कीमत
प्रयागराज के नैनी से संचालित एक मानव तस्कर गैंग लड़कियों को डेढ़ से ढाई लाख रुपये में बेचता था। गैंग ...और पढ़ें

प्रयागराज मानव तस्कर गैंग सरगना व अन्य सदस्यों से पूछताछ में पुलिस को कई नई जानकारी मिली है।
HighLights
तफ्तीश में जुटी पुलिस को लड़कियों की कीमत समेत अन्य तथ्यों की नई जानकारी मिली है
गैंग में हिंदू नाम से काम करता था मुस्लिम युवक, प्रयागराज के नैनी से संचालित होता था गैंग
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नैनी से संचालित मानव तस्कर गैंग एक लड़की को डेढ़ से ढाई लाख रुपये में बेचता था। राजस्थान, हरियाणा या दूसरे स्थान पर रहने वाले खरीदार लड़की के हिसाब से कीमत लगाते थे। गैंग की संचालिका और उसके सदस्य लड़की को शादी कराने, अच्छी जिंदगी बिताने का प्रलोभन देते थे। बिकने वाली लड़की को यह पता नहीं चलता था कि उसके नाम से पैसा कमाया गया है।
पुलिस को नई जानकारी मिली
मानव तस्करी गैंग को लेकर तफ्तीश में जुटी पुलिस को लड़कियों कीमत समेत अन्य तथ्यों की नई जानकारी मिली है। यह भी पता चला है कि गिरोह में एक मुस्लिम युवक हिंदू बनकर काम करता था। वह संचालिका के कहने पर लड़की को अपनी कार से खरीदार के स्थान तक पहुंचाता था।
गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल कॉल डिटेल
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के मोबाइल की काल डिटेल रिपोर्ट निकलवा रही है। उसका विश्लेषण करने के बाद गिरोह में शामिल अन्य लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर तीनों अभियुक्तों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर फिर से पूछताछ की जाएगी।
करछना की किशोरी को बनाया था बंधक
करछना थाना क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी बीते माह अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। प्रेमी के छोड़ने पर वह रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां एक युवक मिला। वह किशोरी को लेकर नैनी निवासी वीना के घर ले गया, जहां किशोरी को बंधक बना लिया गया था। परिवार वालों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।
गिरोह संचालिका व अन्य की गिरफ्तारी पर खुला मामला
इसके बाद किशोरी को मुक्त कराते हुए पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह की संचालिका शंकरढाल नैनी में किराए पर रहने वाले वीना उर्फ मालती, उसके सहयोगी सुनील कुमार पाल उर्फ सोनू और राजेंद्र उर्फ शिवकुमार को गिरफ्तार किया। सभी ने पूछताछ में तीन लड़कियों को बेचने की बात स्वीकार की। इसमें एक लड़की मीरजापुर की तो दूसरी नैनी की निवासी बताई गई है। पुलिस का कहना है कि राजस्थान के एक खरीदार युवक के बारे में भी पता चला है। जल्द ही पुलिस टीम को राजस्थान भेजकर जांच कराई जाएगी।
मंदबुद्धि की लड़की बेचने पर पैसा किया वापस किया था
पुलिस का कहना है कि वीना ने एक मंदबुद्धि की लड़की को हरियाणा में 70 हजार रुपये में बेच दिया था। खरीदने वाले को जब इस बारे में पता चला तो उसने विरोध किया। साथ ही पुलिस से शिकायत करने की बात कही। तब वीना ने खरीदार को 70 हजार रुपये वापस किया था। यह भी कहा था कि लड़की को अपने साथ रख सकता है। इसी तरह जौनपुर से प्रेमी के साथ भागी युवती को इस गैंग ने राजस्थान में बेचा था।
पूछताछ में पता चला है कि मानव तस्कर गिरोह एक लड़की को कम से कम डेढ़ से ढाई लाख रुपये में बेचता था। मोबाइल की काल डिटेल रिपोर्ट का विश्लेषण करने के साथ ही सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। गैंग में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- मनीष शांडिल्य, डीसीपी यमुनानगर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।